डबरा ब्रेकिंग न्यूज़
ठाकुर बाबा रोड की घटना, रात 12:30 बजे आरोपियों ने मचाया उत्पात
डबरा(हृदय स्तंभ/HRIDAY STAMBH): शहर में एक बार फिर दबंगों का आतंक और प्रशासनिक व्यवस्था पर उठता सवाल हर ओर चर्चा का विषय बना हुआ है।क्या शहर की शांति वापिस पटरी पर लौटेगी।
शहर के ठाकुर बाबा रोड क्षेत्र में देर रात दबंगों द्वारा एक परिवार के घर पहुंचकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी घर के बाहर गाली-गलौज करते हुए पहुंचे और विरोध करने पर महिला सहित परिवार के लोगों के साथ मारपीट कर दी। इतना ही नहीं आरोपियों ने घर पर पत्थरबाजी भी की, जिससे गेट क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद से परिवार दहशत में है और लगातार पुलिस से सुरक्षा की मांग कर रहा है।
हृदय स्तंभ को प्राप्त जानकारी के अनुसार नहर रोड स्थित श्रीराम बाल विहार स्कूल के पास रहने वाले सुखदेव सिंह सिक्ख ने डबरा सिटी थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित का आरोप है कि 23 मई की रात करीब 12:30 बजे जसबीर सिंह ढिल्लो, गुरमन ढिल्लो, जयदीप सिक्ख और मलकीत सिंह ढिल्लो उनके घर पहुंचे और बेटे युवराज सिंह के बारे में पूछताछ करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
सुखदेव सिंह के मुताबिक जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने घर में घुसकर उनकी पत्नी राजविंदर कौर और उनके साथ मारपीट कर दी। मारपीट में दोनों को चोटें आई हैं। पीड़ित महिला ने पुलिस को पूरी आपबीती सुनाते हुए आरोप लगाया कि आरोपी बेहद आक्रामक थे और लगातार धमकी दे रहे थे।
पीड़ित परिवार का यह भी कहना है कि आरोपियों ने घर के गेट पर पत्थर फेंके, जिससे गेट टूट गया। जाते-जाते आरोपी उनके बेटे को जान से खत्म करने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना के बाद से परिवार भय के माहौल में जी रहा है।
परिवार का आरोप है कि गंभीर घटना होने के बावजूद डबरा सिटी पुलिस ने मामले में केवल मामूली धाराओं में केस दर्ज कर विवेचना में लिया है। पीड़ित लगातार पुलिस प्रशासन से आरोपियों पर सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग कर रहा है।
