पत्नी ने लगाए महिला पर ब्लैकमेलिंग के आरोप

राज्य

छतरपुर

भाजपा मंडल अध्यक्ष पर मारपीट के आरोपों में नया मोड़, पति की गुमशुदगी का मामला भी उठाया

छतरपुर (NEWS UPDATE): भाजपा नेता और महिला की मारपीट के विवाद में एक नया मोड़ सामने आया है जिसमें अब भाजपा नेता की पत्नी ने महिला पर सीधे सीधे ब्लैकमेलिंग के आरोप लगाए हैं।

भाजपा मंडल अध्यक्ष रवि राजा परमार और उनके परिवार पर लगाए गए मारपीट के आरोपों के मामले में नया मोड़ आ गया है। एक ओर संध्या उर्फ ज्ञान राजपूत ने सिविल लाइन थाने में भाजपा नेता, उनकी बहू और मां पर घर में घुसकर मारपीट के आरोप लगाए, वहीं अब नेता के छोटे भाई रोहित राजा परमार की पत्नी विद्या परमार ने एसपी को आवेदन देकर महिला पर ब्लैकमेलिंग, अवैध गतिविधियों और पति को फंसाने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

विद्या परमार का आरोप है कि संध्या उर्फ ज्ञान राजपूत लंबे समय से उनके पति रोहित राजा को ब्लैकमेल कर पैसों की मांग कर रही थी। उनके अनुसार पति ने महिला के खाते में कई बार पैसे भी ट्रांसफर किए। जानकारी मिलने पर परिवार के लोग संध्या के घर पहुंचे, जहां दोनों पक्षों में विवाद और झूमाझटकी हुई। विद्या ने बताया कि विवाद के दौरान उन्हें भी चोटें आई हैं।

विद्या ने आवेदन में यह भी कहा कि उनके पति रोहित राजा परमार फिलहाल लापता हैं और भगवा थाने में गुमशुदगी दर्ज है। उन्होंने आशंका जताई कि पति के साथ कोई घटना होती है तो इसके लिए संध्या जिम्मेदार होगी। विद्या का आरोप है कि संध्या उन पर दबाव बना रही थी कि पति पत्नी को तलाक दे दें।

विद्या परमार ने आरोप लगाया कि संध्या पहले भी ईसानगर निवासी एक व्यक्ति पर दुष्कर्म का मामला दर्ज करा चुकी है। उनका दावा है कि महिला सोशल मीडिया पर कई नामों से अकाउंट संचालित करती है और लोगों को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देकर पैसे ऐंठती है। विद्या ने महिला पर रिश्तेदारों के साथ मिलकर गांजा सप्लाई जैसे अवैध कार्यों में शामिल होने का भी आरोप लगाया।

विद्या के अनुसार संध्या का पति भी उससे अलग रह रहा है और बच्चे पिता के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि 18 मार्च 2026 को भी सिविल लाइन थाने में संध्या के खिलाफ आवेदन दिया था, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

विद्या परमार ने पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी सिविल लाइन से मामले की निष्पक्ष जांच कर महिला का पुराना रिकॉर्ड खंगालने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है। सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो और आरोप-प्रत्यारोप के चलते शहर में चर्चाओं का दौर जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *