श्योपुर
दो लड़के, दो लड़कियां का हुआ जन्म, एसएनसीयू में निगरानी जारी
श्योपुर। जिला अस्पताल में सोमवार को अलसुबह करीब 4 बजे एक महिला ने एक साथ चार बच्चो को जन्म दिया है जिनमें दो लड़के और दो लड़कियां शामिल है। जिले की वीरपुर तहसील की भैरूपुरा गांव निवासी पूजा सुमन को रविवार की शाम को भर्ती कराया गया था, जिसे पेट दर्द की शिकायत के बाद ऑर्ब्जवेशन में रखा गया था, जहां नॉर्मल डिलेवरी में महिला ने चारो बच्चो को जन्म दिया, जन्म के बाद सभी नवजातो की स्थिति थोड़ी आसामन्य है जिन्हें एसएनसीयू में डॉक्टरो की विशेष निगरानी में रखा गया है।
जानकारी के अनुसार जयपुर में मजदूरी करने वाले हुकम सुमन अपनी पत्नि पूजा के साथ जयपुर से करीब 15 दिन पहले गांव भैरूपुरा आया था, जहां से वह कुछ दिनो में वापस लौटने वाला था, लेकिन अचानक रविवार को उसकी पत्नि पूजा के दर्द उठा और उसे जिला अस्पताल ले आया, जहां सोमवार की अलसुबह पूजा ने चार बच्चो को एक साथ करीब एक घंटे में जन्म दिया हैं। डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की टीम ने इस कार्य को पूरी सावधानी से सम्पन्न किया। गर्भावस्था के सातवें महीने में डिलीवरी होने के कारण चारों नवजातों का वजन सामान्य से कम है। शिशु रोग विशेषज्ञों के अनुसार, प्रत्येक बच्चे का वजन लगभग एक किलोग्राम है। नाजुक स्थिति को देखते हुए सभी बच्चो को एसएनसीयू में रखा गया है, जहां बच्चो की स्थिति पर नजर रखी जा रही है तो वहीं मां पूजा सुमन की हालत भी स्थिर है। चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, एक साथ चार बच्चों का जन्म होना एक दुर्लभ घटना है। ऐसे मामलों में नवजातों को विशेष चिकित्सकीय देखभाल की आवश्यकता होती है। डॉक्टरों की टीम चारों बच्चों के स्वास्थ्य पर पूरी सतर्कता से नजर रख रही है।
जयपुर में डॉक्टरो ने बताया था चार बच्चे होंगे
एक साथ चार बच्चो को जन्म देने वाली पूजा के पति हुकम सुमन ने बताया कि उन्होंने पूजा को जयपुर के डॉक्टरो को दिखाया था, जहां उसे चिकित्सको ने एक से अधिक बच्चे होने की जानकारी देते हुए करीब 4 बच्चों की संभावना जताई थी। ऐसे में वह ईश्वर का धन्यवाद दे रहा है, जच्चा और बच्चो दोनो सुरक्षित है।
