एसडीओपी पर टिप्पणी से भड़का विवाद

शिवपुरी

शिवपुरी

विधायक प्रीतम लोधी के खिलाफ बहुजन समाज ने एसपी से की जांच व कार्रवाई की मांग

मुख्यमंत्री के नाम एसपी को सौंपा ज्ञापन, तानाशाही रवैये और पुलिस प्रशासन को चुनौती देने के आरोप

शिवपुरी जिले के पिछोर से विधायक प्रीतम लोधी के एक कथित बयान को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। करैरा के एसडीओपी के खिलाफ की गई टिप्पणी से नाराज बहुजन समाज संगठनों ने शिवपुरी पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि विधायक ने एसडीओपी डॉ आयुष जाकड़ के खिलाफ सार्वजनिक रूप से आपत्तिजनक बयान दिया, जो न केवल पुलिस प्रशासन को चुनौती देने जैसा है बल्कि कानून व्यवस्था और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ भी है।
बहुजन समाज के प्रतिनिधि दिनेश जौराठी ने विधायक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनका रवैया तानाशाहीपूर्ण होता जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि विधायक अपने प्रभाव का उपयोग कर कानून प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने की कोशिश करते हैं। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि विधायक के बेटे द्वारा कथित रूप से सड़क दुर्घटनाएं किए जाने के बावजूद कार्रवाई प्रभावित करने का प्रयास किया गया। संगठन ने इसे कानून के साथ खिलवाड़ बताया। जौराठी के अनुसार, यह पहला मामला नहीं है। उन्होंने कहा कि विधायक पहले भी पुलिस अधीक्षक के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां कर चुके हैं, जो जनप्रतिनिधि के पद की गरिमा के विपरीत है।
सख्त कार्रवाई की मांग
बहुजन समाज ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाए। यदि विधायक दोषी पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ पार्टी स्तर पर सदस्यता समाप्त करने पर भी विचार किया जाए।
जांच की प्रक्रिया शुरू
सूत्रों के अनुसार, प्रशासनिक स्तर पर मामले की प्रारंभिक जांच शुरू हो गई है। वहीं, यह मुद्दा अब राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का केंद्र बनता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *