पीथमपुर
औद्योगिक कचरा नष्ट करने वाली यूनिट में आग से उठे काले धुएं के गुबार, दमकल की 4 गाड़ियां मौके पर; कारणों की जांच जारी
पीथमपुर: पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर-3 में स्थित ‘हजारगो वेस्ट’ कंपनी में मंगलवार रात करीब 9:45 बजे अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। आसमान में काले धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक फैल गया, जिससे आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया।बताया जा रहा है कि संबंधित कंपनी विभिन्न फैक्ट्रियों के औद्योगिक कचरे को नष्ट करने का काम करती है। इसी कारण आग की तीव्रता और धुएं का प्रभाव ज्यादा खतरनाक हो गया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
दमकल विभाग जुटा, आग पर काबू पाने की कोशिश
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 4 गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास जारी हैं। साथ ही आग को आसपास की अन्य इकाइयों में फैलने से रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट पर है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। शॉर्ट सर्किट या अन्य संभावित कारणों को लेकर जांच की जा रही है।
