कलेक्टर के निरीक्षण में खौरघार स्कूल पर लटका मिला ताला तो सिंहनिवास में 5 शिक्षक गैर हाजिर

शिवपुरी
शिवपुरी
स्कूलों में समय पर उपस्थिति को लेकर कलेक्टर सख्त बोले स्कूलों का समय 7:30 का है तो फिर 8 बजे बजे यह हालत क्यों
जिले के नवागत कलेक्टर अर्पित वर्मा ने जब मंगलवार की सुबह 8 बजे शिवपुरी ब्लॉक के स्कूलों का औचक निरीक्षण किया तो शासकीय माध्यमिक विद्यालय सिंह निवास में 5 शिक्षक गैरहाजिर मिले वहीं शासकीय माध्यमिक विद्यालय खौरघार और हाईस्कूल पर ताला लटका पाया गया। विद्यालयों में ताले लटके पाए जाने और शिक्षकों की गैर हाजिरी पर कलेक्टर ने खासी नाराजगी जाहिर करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव को कारण बताओं नोटिस जारी किया है वहीं जिले के सभी एसडीएम और तहसीलदारों को भी स्कूलों में औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए गए हैं।कलेक्टर के निर्देश पर शिवपुरी एसडीएम आनंद सिंह राजावत सहित करैरा एसडीएम अनुराग निंगवाल तथा कोलारस एसडीम अनूप श्रीवास्तव ने भी स्कूलों का औसत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर का कहना था कि जब स्कूलों के खुलने का समय सुबह 7:30 बजे का है तो फिर 8 बजे भी यह अनुशासनहीनता की स्थिति क्यों है।
कलेक्टर के सख्त तेवर देख डीईओ ने बदला स्कूलों का समय
जिले में 40 डिग्री पारे को देखते हुए 18 अप्रैल को कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव ने विद्यालयों का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक किए जाने का आदेश जारी किया था लेकिन मंगलवार की सुबह कलेक्टर के भ्रमण के दौरान स्कूलों के बंद पाए जाने और शिक्षकों की गैर हाजिरी को गंभीरता से लेते हुए डीईओ विवेक श्रीवास्तव ने आनन फानन में स्कूलों का समय अब सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक किए जाने के निर्देश दिए हैं वही मंगलवार शाम डीईओ ने एक आदेश जारी कर सभी ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों और बीआरसीसी को विद्यालयों के नियमित संचालन और शिक्षकों की समय पर उपस्थित को लेकर निर्देश दिए हैं कि शिक्षकों की समय पर और नियमित उपस्थिति ना रहने पर बीईओ और बीआरसीसी सहित बीएसी और जन शिक्षकों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने सभी एसडीएम को दिए निर्देश लगातार करें निरीक्षण
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने समस्त एसडीएम को उनके क्षेत्र के शासकीय विद्यालयों के लगातार औचक निरीक्षण किए जाने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में मंगलवार को कलेक्टर ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों की बजाय स्कूलों पर निगरानी रखने की जिम्मेदारी एसडीएम और तहसीलदारों को दी है। कलेक्टर के आदेश के बाद जहां शिवपुरी एसडीएम आनंद राजावत शहर के शासकीय माध्यमिक विद्यालय छावनी में अचित निरीक्षण करने पहुंचे तो तहसीलदार ने भी माधव चौक सहित कुछ अन्य स्कूलों का निरीक्षण किया जबकि कोलारस और करैरा में भी एसडीएम व तहसीलदार ने प्राथमिक विद्यालय सेसई सड़क,हरिजन बस्ती,दर्रौनी, निवोदा,करैरा के प्राथमिक विद्यालय बम्हारी,मावि भौराना, उमावि करैरा,प्रावि  सोनीपुरा, मावि पिछोर,प्रावि श्योपुरा करैरा तथा मावि सेमरी पिछोर का औचक निरीक्षण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *