ब्लैकमेल से तंग महिला ने रिश्ते के मामा की हत्या की, होटल में गला काटकर हथौड़े से सिर कूंचा

देश विदेश

आगरा:

आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी से परेशान थी महिला, पुलिस ने मौके से हिरासत में लिया

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने रिश्ते के मामा की कथित तौर पर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना मलपुरा थाना क्षेत्र के इटौरा स्थित एक होटल की बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी महिला को मौके से हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।

ब्लैकमेलिंग से थी परेशान

पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि मृतक उसे लंबे समय से ब्लैकमेल कर रहा था। वह आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल करने और उसके पति को भेजने की धमकी देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। बार-बार मिलने के लिए मजबूर करने से वह मानसिक रूप से परेशान हो चुकी थी। महिला के अनुसार, उसने इस दबाव से छुटकारा पाने के लिए हत्या की योजना बनाई। उसने आरोपी को दिल्ली से आगरा बुलाया और इटौरा के एक होटल में मिलने के लिए कहा। महिला अपने साथ बैग में चाकू और हथौड़ा लेकर पहुंची थी।

बताया जा रहा है कि दोनों सुबह करीब 11 बजे होटल पहुंचे। कुछ देर बाद आरोपी बीयर लेकर आया और दोनों ने शराब पी। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। महिला का आरोप है कि आरोपी जबरन संबंध बनाने लगा, जिसके बाद उसने मिर्ची स्प्रे उसकी आंखों में छिड़क दिया। महिला ने बताया कि आरोपी के असहाय होने पर उसने सर्जिकल ब्लेड से उसका गला काट दिया। इसके बाद भी उसने हथौड़े से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद महिला घबरा गई और चीखने लगी, जिससे होटल स्टाफ को शक हुआ। स्टाफ ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को हिरासत में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *