डबरा
सिंधी बाजार के बाहर खड़ी आल्टो कार में लगी आग, पास खड़ी कई बाइकें भी आ सकती थीं चपेट में
डबरा: शहर के सिंधी बाजार के सामने सोमवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब सड़क किनारे खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। घटना के वक्त कार मालिक अपने परिवार के साथ बाजार में खरीदारी कर रहे थे। जानकारी के मुताबिक, चांदपुर निवासी उदयभान रावत अपनी आल्टो कार (MP07CH8269) को सिंधी मार्केट के बाहर खड़ी कर खरीदारी करने गए थे। इसी दौरान अचानक कार से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए अपने घरों से पाइप लगाकर पानी डाला और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। लोगों की इसी सूझबूझ और तेजी के कारण आग पर काबू पा लिया गया।
बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर कार खड़ी थी, वहां आसपास कई अन्य बाइकें भी खड़ी थीं। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो यह घटना विकराल रूप ले सकती थी और कई वाहन इसकी चपेट में आ सकते थे। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, हालांकि आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट के चलते यह हादसा हुआ हो सकता है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
