नरवर में अवैध उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई, पनडुब्बी मशीन जलाकर की नष्ट

शिवपुरी

शिवपुरी

अंदौरा नदी क्षेत्र में एसडीएम की छापेमारी, करेरा में भी रेत से भरा ट्रैक्टर जब्त

शिवपुरी जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए नरवर तहसील के ग्राम अंदौरा में बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशन में एसडीएम अनुराग निंगवाल के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी कर अवैध उत्खनन में लगी पनडुब्बी मशीन को मौके पर ही जलाकर नष्ट कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंदौरा के नदी क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम अनुराग निंगवाल तहसीलदार ललित शर्मा और राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान एक पनडुब्बी मशीन से अवैध उत्खनन करते हुए पाया गया, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मशीन को जब्त कर नष्ट कर दिया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
उल्लेखनीय है कि इसी दिन दोपहर में करेरा तहसील के थनरा चौकी क्षेत्र में भी कार्रवाई करते हुए रेत से भरे एक ट्रैक्टर को जब्त कर पुलिस के सुपुर्द किया गया। यह ट्रैक्टर अवैध रेत परिवहन में लिप्त पाया गया था।
प्रशासन की लगातार कार्रवाई से अवैध उत्खनन में लगे लोगों में हड़कंप की स्थिति है, वहीं स्थानीय नागरिकों ने इस सख्ती का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में अहम कदम बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *