पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा के नए सेक्टर से धार्मिक और ऐतिहासिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा, सप्ताह में 5 दिन चलेगी सेवा
भोपाल। प्रदेश में पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को सुगम, सुरक्षित और आनंददायक बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा के नए सेक्टर (भोपाल-चंदेरी-ओरछा) का शुभारंभ किया। उन्होंने सुबह 10:45 बजे राजधानी के स्टेट हैंगर से हेलीकॉप्टर को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और यात्रियों को बोर्डिंग पास भी वितरित किए।
यह नई हेली सेवा भोपाल को भगवान श्रीराम की राजनगरी ओरछा और ऐतिहासिक नगरी चंदेरी से सीधे जोड़ेगी। इससे श्रद्धालुओं को श्रीरामराजा मंदिर में दर्शन के लिए आसानी होगी, वहीं पर्यटक चंदेरी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्रसिद्ध चंदेरी साड़ी का अनुभव कर सकेंगे।
सेक्टर-2 के अंतर्गत संचालित यह सेवा सप्ताह में पांच दिन—बुधवार से रविवार तक उपलब्ध रहेगी। किराया भोपाल से चंदेरी के लिए 5,500 रुपये और ओरछा के लिए 6,500 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अलावा 14,500 रुपये के विशेष पैकेज में टैक्सी, वीआईपी दर्शन और प्रसाद जैसी सुविधाएं शामिल हैं। चंदेरी और ओरछा में 3,500 रुपये में जॉय राइड की सुविधा भी दी जाएगी।
पीपीपी मॉडल पर संचालित इस सेवा में पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है। इसके तहत 6-सीटर आधुनिक हेलीकॉप्टर का उपयोग किया जा रहा है। साथ ही गंतव्य स्थलों पर होटल, भोजन और स्थानीय भ्रमण के लिए गाइड की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की गई है।
पर्यटक इस सेवा की बुकिंग www.flyola.in और IRCTC पोर्टल के माध्यम से कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 1 नवंबर 2025 को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर इस हेली पर्यटन सेवा की शुरुआत की थी, जिसका लाभ अब तक 2,648 पर्यटक और श्रद्धालु उठा चुके हैं।

