तमिलनाडु चुनाव से पहले टीवीके प्रमुख विजय का बड़ा ऐलान, हलफनामे में खुली आय और संपत्तियों की पूरी तस्वीर
नई दिल्ली/चेन्नई:
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले अभिनेता से नेता बने थलापति विजय ने अपने चुनावी घोषणापत्र में बड़ा वादा कर राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। तमिलगा वेट्री कजगम (TVK) के प्रमुख विजय ने महिलाओं को 8 ग्राम सोना देने की घोषणा की है, जिससे चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।
620 करोड़ से ज्यादा की नेटवर्थ
चुनावी हलफनामे के अनुसार थलापति विजय की कुल संपत्ति 620 करोड़ रुपये से अधिक है। इसमें चल और अचल दोनों प्रकार की संपत्तियां शामिल हैं। वित्त वर्ष 2024-25 में उन्होंने 184.53 करोड़ रुपये की आय घोषित की है, जो बिजनेस, ब्याज और किराये से प्राप्त हुई है।
चल और अचल संपत्ति का ब्योरा
हलफनामे के मुताबिक विजय के पास करीब 404.58 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है, जिसमें बैंक बैलेंस, लग्जरी गाड़ियां और आभूषण शामिल हैं। वहीं, उनकी अचल संपत्ति लगभग 220.15 करोड़ रुपये की है, जिसमें कई प्रॉपर्टी शामिल हैं। विजय की कमाई का बड़ा हिस्सा रियल एस्टेट से आता है। चेन्नई के टी नगर, नीलंकराई और आसपास के इलाकों में उनकी करीब 10 रेजिडेंशियल प्रॉपर्टी हैं। इसके अलावा लगभग 82.8 करोड़ रुपये की कमर्शियल संपत्तियां भी उनके पोर्टफोलियो में शामिल हैं। कोडाईकनाल में उनके पास जमीन और खेती योग्य भूमि भी है।
विजय के पास BMW 530, लेक्सस, टोयोटा वेलफायर और BMW i7 जैसी महंगी गाड़ियां हैं। उनके पास करीब 883 ग्राम सोना और चांदी के आभूषण हैं, जिनकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई गई है।
हलफनामे में यह भी सामने आया है कि विजय ने अपने परिवार के सदस्यों को भी लोन दिया है। उन्होंने पिता को 3.02 करोड़ रुपये और पत्नी को 12.6 करोड़ रुपये का ऋण दिया है। विजय की आय फिल्मों, ब्रांड एंडोर्समेंट, ब्याज और प्रॉपर्टी से मिलने वाले किराये से होती रही है। हालांकि अब उन्होंने फिल्मों से दूरी बनाकर राजनीति में पूरी तरह सक्रिय होने का फैसला किया है। फिल्मी दुनिया में सफलता के बाद अब विजय राजनीति में अपनी नई पारी शुरू कर चुके हैं। उनका 8 ग्राम सोना देने का वादा चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है, जिस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
