दीवारों पर लिखे आपत्तिजनक शब्द, पत्थरबाजी में बैनर क्षतिग्रस्त; पुलिस ने शुरू की जांच
मुरैना:अंबेडकर पार्क में असामाजिक तत्वों की हरकत, दीवारों पर लिखे अपशब्द, बैनर क्षतिग्रस्त। शहर कोतवाली क्षेत्र के वीआईपी रोड स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में दरम्यानी रात कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। शरारती तत्वों ने पार्क की दीवारों पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को लेकर अभद्र भाषा और आपत्तिजनक शब्द लिख दिए, जिससे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया। असामाजिक तत्वों ने पार्क के मुख्य द्वार पर लगे बैनर पर पत्थरबाजी कर उसे भी क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह जब स्थानीय लोगों की नजर इस घटना पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों और शहर का सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहे।
