कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच CDS व NDA परीक्षा संपन्न

ग्वालियर

ग्वालियर

ग्वालियर में 18 केंद्रों पर हुआ आयोजन, 6 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल
शहर में कम्बाइंड डिफेंस सर्विस (CDS) एवं नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) की परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। दोनों परीक्षाएं शहर के कुल 18 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गईं, जिनमें बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार CDS परीक्षा में 2306 अभ्यर्थी तथा NDA परीक्षा में 3724 अभ्यर्थी शामिल हुए। CDS परीक्षा तीन सत्रों में आयोजित की गई, जिसमें प्रथम सत्र प्रातः 9 बजे से 11 बजे तक, द्वितीय सत्र दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक तथा तृतीय सत्र शाम 4 बजे से 6 बजे तक संचालित हुआ। वहीं NDA परीक्षा दो सत्रों में आयोजित हुई, जिसका पहला सत्र प्रातः 10 बजे से 12:30 बजे तक एवं दूसरा सत्र दोपहर 2 बजे से 4:30 बजे तक संपन्न हुआ।
परीक्षा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई। प्रत्येक अभ्यर्थी की मौके पर फोटो खींचकर प्रवेश पत्र पर अंकित फोटो से मिलान किया गया, इसके बाद ही उन्हें प्रवेश दिया गया।
परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, बैग एवं किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहा। अभ्यर्थियों के सामान रखने की कोई व्यवस्था केंद्रों पर नहीं थी। केवल पारदर्शी पानी की बोतल को ही परीक्षा कक्ष में ले जाने की अनुमति दी गई।
प्रशासन की सख्ती एवं व्यवस्थाओं के चलते परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *