ग्वालियर
जल गंगा अभियान के तहत 3.49 करोड़ की परियोजना पूरी, आयुक्त ने दिए फिनिशिंग कार्य जल्द निपटाने के निर्देश
शहर के जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने की दिशा में चल रहे जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत वार्ड 61 स्थित पृथ्वी ताल अब नए स्वरूप में सामने आया है। नगर निगम द्वारा किए गए व्यापक सौंदर्यकरण और पुनर्जीवन कार्यों के बाद यह तालाब न केवल जल संरक्षण का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा है, बल्कि इको-टूरिज्म के नए केंद्र के रूप में भी विकसित हो रहा है। नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने पृथ्वी ताल की एप्रोच रोड को और व्यवस्थित करने, क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने और शेष कार्यों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव, मुनीश सिंह सिकरवार, कार्यपालन यंत्री सुरेश अहिरवार, पवन सिंघल, उपायुक्त मुकेश बंसल, सहायक यंत्री अमित गुप्ता, पवन शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
करीब 7.27 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला पृथ्वी ताल जैव विविधता की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। परियोजना के तहत तालाब से गाद और सिल्ट हटाकर उसकी जलधारण क्षमता को बढ़ाया गया है, जिससे वर्षा जल का अधिक संचयन संभव होगा। साथ ही जल की गुणवत्ता सुधारने के लिए जलीय पौधों का रोपण भी किया जा रहा है।
करीब 3.49 करोड़ रुपये (जीएसटी सहित) की लागत से किए गए इस कार्य में तालाब के दोनों ओर सफाई, जल निकासी चैनलों का सुदृढ़ीकरण, एप्रन पर स्टोन पिचिंग और वॉकिंग ट्रैक का निर्माण शामिल है। इसके साथ ही बैठने की व्यवस्था, आधुनिक लाइटिंग और हरित क्षेत्र विकसित कर नागरिकों के लिए आकर्षक वातावरण तैयार किया गया है।
विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले समय में यहां लगभग 120 प्रकार की पक्षी प्रजातियों का आगमन संभव है, जिससे यह क्षेत्र प्रकृति प्रेमियों और पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण बन सकता है।
रमौआ ई-बस स्टैंड निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
निरीक्षण के क्रम में आयुक्त संघ प्रिय ने रमौआ स्थित ई-बस स्टैंड का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य में गति लाने और सभी आवश्यक सुविधाएं जल्द से जल्द विकसित करने के निर्देश दिए।
रमौआ डैम को वॉटर स्पोर्ट्स हब बनाने की तैयारी
आयुक्त ने रमौआ डैम का निरीक्षण कर इसे वॉटर स्पोर्ट्स के लिए विकसित करने की योजना पर जोर दिया। साथ ही डैम के आसपास हरियाली बढ़ाने और इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।
आईटीएम-साइंस कॉलेज रोड पर हरित विकास का प्लान
निरीक्षण के दौरान आईटीएम एवं साइंस कॉलेज रोड का भी अवलोकन किया गया। आयुक्त ने सड़क के दोनों ओर पर्यावरण संरक्षण के अनुरूप हरियाली विकसित करने और समग्र विकास योजना तैयार करने के निर्देश दिए।

