ग्वालियर
उपनगर ग्वालियर में 2 करोड़ 56 लाख से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन
प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शहर के विकास को गति देने के उद्देश्य से उपनगर ग्वालियर में करीब 2 करोड़ 56 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत भूमि पूजन किया। इस अवसर पर पूर्व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, पार्षद अंजना हरीबाबू शिवहरे, सोनू त्रिपाठी, कमल माखीजानी, योगेन्द्र तोमर, चंदन पटेल, मीना सचान, राजू सेंगर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि स्वीकृत कार्यों में सड़कों का निर्माण, नाली एवं सीवर व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण तथा क्षेत्रीय सौंदर्यीकरण जैसे कार्य शामिल हैं, जिनसे नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।
वार्ड 31 में 1.24 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन
ऊर्जा मंत्री ने वार्ड क्रमांक 31 में लगभग 1 करोड़ 24 लाख रुपये की लागत से विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें सीसी सड़क निर्माण, नाली निर्माण एवं मरम्मत, पेवर ब्लॉक कार्य, पार्क बाउंड्रीवाल संधारण, सार्वजनिक शौचालय मरम्मत सहित अन्य कार्य शामिल हैं।
वार्ड 32 में 1.32 करोड़ के विकास कार्य शुरू
इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 32 में करीब 1 करोड़ 32 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क, नाली निर्माण, सामुदायिक भवन निर्माण एवं विस्तार, नाला निर्माण तथा अन्य विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर यातायात, स्वच्छता एवं आधारभूत सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

