कोलकाता-: अमित शाह ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का बहुप्रतीक्षित चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया। कोलकाता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जारी इस घोषणापत्र को पार्टी ने ‘भरोसा पत्र’ नाम दिया है, जिसमें महिलाओं, युवाओं, कर्मचारियों और अन्य वर्गों के लिए कई बड़े वादे किए गए हैं।
घोषणापत्र जारी करते हुए अमित शाह ने कहा कि यह दस्तावेज़ राज्य में “सोनार बांग्ला” के निर्माण की आधारशिला बनेगा। उन्होंने राज्य की मौजूदा सरकार और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 15 वर्षों में जनता की अपेक्षाएं पूरी नहीं हो सकीं, जिससे अब बदलाव की मांग तेज हो गई है।
महिलाओं और युवाओं के लिए बड़े वादे
बीजेपी के ‘भरोसा पत्र’ में महिलाओं को हर महीने 3000 रुपये की आर्थिक सहायता देने का वादा किया गया है, जो हर माह की 1 से 5 तारीख के बीच सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी। इसके अलावा बेरोजगार युवाओं को भी 3000 रुपये मासिक भत्ता देने की घोषणा की गई है। पार्टी ने सत्ता में आने पर एक करोड़ रोजगार और स्वरोजगार के अवसर सृजित करने का दावा किया है।
सरकारी कर्मचारियों के लिए राहत
घोषणापत्र में सरकारी कर्मचारियों के लिए भी महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। अमित शाह ने कहा कि बकाया महंगाई भत्ता (डीए) का भुगतान किया जाएगा और सरकार बनने के 45 दिनों के भीतर सातवें वेतन आयोग को लागू किया जाएगा। साथ ही, आयुष्मान समेत सभी केंद्रीय योजनाओं को राज्य में पूरी तरह लागू करने का वादा किया गया है।
सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर जोर
बीजेपी ने अपने घोषणापत्र में कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए घुसपैठ के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने की बात कही है। सीमाओं की सुरक्षा मजबूत करने, गौ तस्करी रोकने और नदी-नालों में पेट्रोलिंग बढ़ाने का भी आश्वासन दिया गया है।
यूसीसी और महिला सुरक्षा
पार्टी ने छह महीने के भीतर समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने का वादा किया है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘दुर्गा सुरक्षा स्क्वॉड’ का गठन, मुफ्त बस यात्रा और सरकारी नौकरियों में 33 प्रतिशत आरक्षण देने की घोषणा भी की गई है।
औद्योगिक और क्षेत्रीय विकास पर फोकस
घोषणापत्र में औद्योगिक विकास के लिए पहले 100 दिनों में रोडमैप तैयार करने, उत्तर बंगाल के समग्र विकास और दार्जलिंग टी को वैश्विक पहचान दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही भ्रष्टाचार और माफिया राज खत्म करने के लिए समयबद्ध योजना लागू करने का वादा किया गया है।
इस अवसर पर अमित शाह ने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में बंगाल की जनता बीजेपी को पूर्ण बहुमत देगी और राज्य में नई सरकार बनेगी, जो विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित करेगी
