ग्वालियर
विभागीय क्रिकेट टूर्नामेंट में रोमांच, स्वच्छता संदेश के साथ खेल भावना का प्रदर्शन
नगर निगम द्वारा स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत आयोजित अंतर्विभागीय क्रिकेट टूर्नामेंट में खेल भावना और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। रूपसिंह क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित इस टूर्नामेंट में विभागीय टीमों के बीच कड़े मुकाबले हुए, वहीं निगम प्रशासन और पार्षद एकादश के बीच खेला गया मैत्रीपूर्ण मैच आकर्षण का केंद्र रहा।
फाइनल मुकाबले में संपत्तिकर विभाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीएडी/भंडार विभाग को 5 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जीएडी/भंडार टीम ने 64 रन बनाए, जिसके जवाब में संपत्तिकर टीम ने लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। मैच में नीरज टइयां ने 3 विकेट और 19 रन बनाकर ‘मैन ऑफ द मैच’ का खिताब जीता।
टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। ‘मैन ऑफ द टूर्नामेंट’ का खिताब पिंकल जादौन को मिला। ‘फेयर प्ले अवॉर्ड’ जनकार्य विभाग, जबकि ‘बेस्ट स्प्रिट टीम’ का सम्मान स्वास्थ्य विभाग को मिला। सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज विश्वनाथ गुर्जर, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज वीरेन्द्र पाराशर, सर्वश्रेष्ठ फील्डर हरेंद्र मिश्रा, सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर प्रशांत पांडे, सर्वश्रेष्ठ कप्तान उपेन्द्र यादव और सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर सचिन सविता को चुना गया।
मैत्रीपूर्ण मुकाबले में निगम प्रशासन की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 103 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए पार्षद एकादश की टीम 81 रन पर सिमट गई। सभापति मनोज तोमर ने 21 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। इस मुकाबले में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
कार्यक्रम में सभापति मनोज तोमर, आयुक्त संघ प्रिय, अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। टूर्नामेंट का आयोजन नोडल अधिकारी बी.के. त्यागी के निर्देशन में किया गया, जबकि संचालन अयोध्या शर्मा ने किया।
इस आयोजन ने न केवल खेल भावना को प्रोत्साहित किया, बल्कि स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता का प्रभावी संदेश भी दिया।

