पार्क विभाग के कार्यों की समीक्षा, लापरवाही पर नोटिस के निर्देश

Uncategorized

ग्वालियर

बरसात से पूर्व पौधारोपण की तैयारियां पूर्ण करने पर जोर, फाउंटेन चालू रखने के निर्देश
नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने गुरुवार को पार्क विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यों में लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त कक्ष में आयोजित बैठक में अपर आयुक्त प्रदीप तोमर, उपायुक्त मुकेश बंसल, पार्क अधीक्षक शैलेन्द्र चौहान सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि क्षेत्रीय सुपरवाइजर नियमित भ्रमण कर खोखले एवं गिरने की स्थिति में खड़े पेड़ों को चिन्हित कर उन्हें हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करें, जिससे संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
उन्होंने कहा कि आगामी वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए पौधारोपण की सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जाएं। इसके लिए पहाड़ी, पार्क, सड़क डिवाइडर सहित अन्य स्थलों का पूर्व में चयन किया जाए तथा गड्ढे खोदने सहित अन्य कार्य गर्मी के मौसम में ही पूरे कर लिए जाएं, ताकि बारिश शुरू होते ही व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जा सके।
निगमायुक्त ने शहर के डिवाइडरों को हरा-भरा बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही पौधों को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को विशेष ध्यान देने को कहा।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत विकसित पार्कों का शीघ्र हैंडओवर किया जाए तथा उनके मरम्मत कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं। पार्कों में हरियाली बनाए रखने के लिए नियमित सिंचाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा नगर निगम क्षेत्र के सभी फाउंटेन की मरम्मत कर उन्हें गर्मी के मौसम में चालू रखने के निर्देश दिए गए।
निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि कार्यों में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *