शिवपुरी
शिवपुरी जिले में वन भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। वन विभाग द्वारा वनमण्डल शिवपुरी के अंतर्गत पोहरी वन परिक्षेत्र के बीट बिलोआ में अभियान चलाकर 6.490 हेक्टेयर शासकीय वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बागलोन के कुछ व्यक्तियों ने उक्त वन भूमि पर अवैध कब्जा कर पक्के निर्माण कार्य कर लिए थे। मामले में वन विभाग ने पहले ही प्रकरण दर्ज कर संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए थे और उन्हें जवाब प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया था। संतोषजनक जवाब न मिलने पर विभाग ने नियमानुसार बेदखली की कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से बनाए गए पक्के मकान और बाउंड्रीवाल को हटाया गया। पूरी प्रक्रिया प्रशासनिक निगरानी में शांतिपूर्ण और विधिसम्मत तरीके से सम्पन्न हुई।
वन विभाग ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शासकीय वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
इस दौरान वनमण्डल अधिकारी सुधांशु यादव, वन परिक्षेत्राधिकारी श्रुति राठौर सहित वन विभाग का अमला मौके पर मौजूद रहा।

