भितरवार
क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। चीनोर तहसील के अंतर्गत ग्राम दुबही स्थित प्राचीन पहाड़ी से मुरम के अवैध खनन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देशन में एसडीम राजीव समाधियां के मार्गदर्शन में तहसीलदार रुचि अग्रवाल ने टीम के साथ मौके पर अचानक दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पहाड़ी पर जेसीबी मशीन से अवैध रूप से मुरम निकाला जा रहा था। प्रशासन की टीम को देखते ही मौके पर मौजूद चालक जेसीबी मशीन छोड़कर फरार हो गया। तहसीलदार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन को जब्त कर लिया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन का खेल चल रहा था, जिससे शासन को राजस्व की हानि हो रही थी और प्राकृतिक संसाधनों को भी नुकसान पहुंच रहा था। स्थानीय लोगों द्वारा कई बार इसकी शिकायत प्रशासन से की गई थी, जिसके बाद यह सख्त कार्रवाई सामने आई है।
तहसीलदार रुचि अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
प्रशासन की इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है और क्षेत्र में सख्ती का संदेश गया है।

