श्योपुर
ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के निराकरण की मांग की
श्योपुर। जिले के मंदिरों में सेवा दे रहे पुजारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर पुजारी कल्याण समिति ने भाजपा जिलाध्यक्ष शशांक भूषण के नेतृत्व में समिति के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश वैष्णव के साथ बुधवार को दोपहर 03 बजे कलेक्टर अर्पित वर्मा को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में पुजारियों की नियुक्ति, मंदिरों की भूमि के फसल पंजीयन तथा धान की फसल के मुआवजे से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। समिति ने बताया कि वर्ष 2018 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत के ठहराव प्रस्ताव तथा नगरीय क्षेत्रों में पंचनामा के आधार पर पुजारियों की नियुक्ति करने के आदेश दिए गए थे, लेकिन श्योपुर जिले में इन आदेशों का पूर्ण रूप से पालन नहीं हो पा रहा है। साथ ही कई पुजारियों के आवेदन लंबे समय से एसडीएम कार्यालय में लंबित पड़े हुए हैं। इसके अलावा मंदिरों की भूमि पर बोई गई धान की फसल का मुआवजा पुजारियों को दिए जाने तथा मंदिरों की भूमि के फसल पंजीयन शुरू कराने की मांग भी ज्ञापन में की गई। ज्ञापन प्राप्त होने पर कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को पुजारियों की सभी समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। इस दौरान ज्ञापन देने वालो में लक्ष्मण राव, देवेन्द्र शर्मा, कैलाश वैष्णव सहित बडी संख्या में पुजारी मौजूद रहे।
