करेरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: साइबर ठगी गिरोह के 4 आरोपी गिरफ्तार

शिवपुरी

करेरा

जिला शिवपुरी के करेरा थाना पुलिस ने साइबर अपराध के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा महिलाओं के नाम से फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर अश्लील वीडियो रिकॉर्डिंग की जाती थी और खुद को पुलिस अधिकारी बताकर लोगों को गंभीर अपराधों में फंसाने की धमकी देकर पैसों की ठगी की जाती थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले पीड़ितों से अश्लील चैटिंग करते थे और वीडियो कॉल के माध्यम से उनकी रिकॉर्डिंग कर लेते थे। इसके बाद स्वयं को पुलिस अधिकारी बताकर उन्हें बलात्कार, चाइल्ड पोर्नोग्राफी जैसे गंभीर मामलों में फंसाने की धमकी दी जाती थी। मामला रफा-दफा करने के नाम पर उनसे मोटी रकम वसूली जाती थी।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से 4 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस गिरोह द्वारा कई लोगों को अपना शिकार बनाया गया है। प्रकरण में कुल 14 आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है, जिनमें से 4 को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शिवपुरी के निर्देशन एवं एसडीओपी करेरा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान नंबरों से आने वाली वीडियो कॉल या संदिग्ध लिंक से सावधान रहें तथा किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *