श्योपुर
श्योपुर में एक अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। आज शनिवार को ग्राम जैदा निवासी किसान रामसिंह मीणा के छोटे बेटे अजय मीणा अपनी दुल्हन रितिका को हेलीकॉप्टर से गांव लेकर पहुंचे। इस दौरान श्योपुर के प्रसिद्ध गणेश मंदिर पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा भी की गई, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण उमड़ पड़े। शादी के बाद शनिवार को अजय मीणा अपनी दुल्हन को हेलीकॉप्टर से अपने पैतृक गांव जैदा लेकर लौटे। हेलीकॉप्टर के श्योपुर पहुंचते ही उसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े। इस दौरान हेलीकॉप्टर से श्योपुर के प्रसिद्ध गणेश मंदिर पर फूलों की वर्षा की गई, जिसे श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने अपने मोबाइल में कैद किया।
जानकारी के अनुसार, जैदा निवासी किसान रामसिंह मीणा के पुत्र अजय मीणा का विवाह बड़ौदा क्षेत्र के ग्राम राजपुरा के सरपंच शिवराज मीणा की बेटी रितिका के साथ तय हुआ था। शुक्रवार को राजपुरा में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ दोनों की शादी हुई। दुल्हन रितिका ने इस अनुभव पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि वह खुद को भाग्यशाली मानती हैं कि उन्हें हेलीकॉप्टर से ससुराल लाया गया। उन्होंने इसे अपने जीवन का एक यादगार अनुभव बताया।

दूल्हे अजय मीणा ने बताया कि उनके माता-पिता का सालों पुराना सपना था कि बेटे की शादी में दुल्हन को हेलीकॉप्टर से लाया जाए। परिवार ने इस सपने को साकार किया है।
बॉक्स:
ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ नवविवाहितों का स्वागत
ग्राम जैदा में हेलीकॉप्टर के उतरने से पहले ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए थे। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सभी इस अनोखे नजारे को देखने के लिए उत्साहित थे। हेलीकॉप्टर से दुल्हन के आगमन पर पारंपरिक ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया गया, जिससे पूरे गांव में जश्न का माहौल बन गया।
