नई दिल्ली
अब रेल टिकट लेने के लिए रेलवन ऐप डाउनलोड करना जरूरी होगा
1 मार्च से भारतीय रेलवे टिकट बुकिंग सिस्टम में बदलाव कर सकता है। पुराना यूटीएस ऐप बंद किया जा सकता है और अनारक्षित (जनरल) व प्लेटफॉर्म टिकट के लिए नया रेलवन ऐप अनिवार्य हो सकता है। यात्रियों को अब मोबाइल के जरिए टिकट लेना ज्यादा आसान तो होगा, लेकिन ऐप डाउनलोड करना जरूरी होगा। IRCTC के साथ यह नया डिजिटल विकल्प काम करेगा। काउंटर टिकट की सुविधा सीमित होने की भी संभावना है, इसलिए नियमित यात्रियों को पहले से तैयारी करनी चाहिए।
एलपीजी सिलेंडर के नए दाम- हर महीने की तरह 1 मार्च को घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर के रेट अपडेट हो सकते हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों के आधार पर एलपीजी सस्ती या महंगी हो सकती है। अगर दाम बढ़ते हैं तो आम परिवारों के मासिक बजट पर असर पड़ेगा, वहीं कीमत घटने पर कुछ राहत मिल सकती है।
सिम बाइंडिंग और मैसेजिंग ऐप्स पर सख्ती- 1 मार्च से सिम बाइंडिंग अनिवार्य हो सकती है। यानी वाट़्सएप और टेलीग्राम जैसे ऐप्स को एक्टिव मोबाइल नंबर से लिंक करना जरूरी होगा। बिना वेरिफाइड सिम के ऐप का उपयोग संभव नहीं होगा। मल्टी-डिवाइस और वेब लॉगिन पर भी अतिरिक्त सुरक्षा लागू हो सकती है। यह कदम डिजिटल फ्रॉड और फर्जी अकाउंट रोकने के लिए बताया जा रहा है, जिसे दूरसंचार विभाग लागू कर सकता है।
बैंकिंग और यूपीआई नियमों में अपडेट- कुछ बैंक न्यूनतम बैलेंस, सेविंग अकाउंट नियम और क्रेडिट कार्ड चार्ज में बदलाव कर सकते हैं। UPI लेनदेन में अतिरिक्त ओटीपी या नई लिमिट लागू की जा सकती है। इसका मकसद ग्राहकों को धोखाधड़ी से बचाना है।
सीएनजी-पीएनजी कीमतों की समीक्षा- महीने की शुरुआत में सीएनजी और पीएनजी दरों की भी समीक्षा होती है। कीमत बढ़ने पर वाहन ईंधन और घरेलू गैस खर्च बढ़ सकता है। इन सभी बदलावों का सीधा असर आम लोगों की डिजिटल लाइफ, यात्रा और घरेलू बजट पर पड़ सकता है।
