शिवपुरी
जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर एक दामाद द्वारा ससुराल में आगजनी और मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी अवधेश जाटव अपनी पत्नी सोनम के नाम की दो बीघा जमीन को बेचने का दबाव बना रहा था, जिसे लेकर उसने न केवल अपनी पत्नी को बेल्ट से पीटा, बल्कि ससुराल पहुंचकर सास और साली के साथ भी मारपीट की। पीड़िता सोनम जाटव ने बताया कि उसके स्वर्गीय पिता ने बचपन में उसके नाम जमीन की थी, जिसकी जानकारी होने के बाद से ही उसका पति उसे प्रताड़ित कर रहा था। चार दिन पहले विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने सोनम को घर से निकाल दिया, जिसके बाद वह अपने मायके रामपुर आकर रहने लगी। गुरुवार शाम आरोपी वहां भी पहुंच गया और जमीन के कागजात मांगने लगा। जब ससुराल वालों ने विरोध किया, तो उसने अपनी सास गुड्डी और साली रवीना पर हमला कर दिया। आरोप है कि मारपीट के बाद अवधेश ने जबरन जमीन के दस्तावेज छीन लिए और घर में आग लगा दी। इस आगजनी में घर में रखा फ्रिज, टीवी, कूलर और बिस्तर समेत पूरी गृहस्थी जलकर खाक हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सोनम और उसकी बहन रवीना की शिकायत पर कोलारस थाना पुलिस ने आरोपी अवधेश जाटव के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।
