ग्वालियर,
ग्वालियर(HRIDAY STAMBH);
ग्वालियर जिले की भितरवार जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) एल.एन. पिप्पल साइबर अपराध के शिकार हो गए हैं। अज्ञात शातिर ठगों ने उनका मोबाइल फोन हैक कर उनके बैंक खाते से 98 हजार रुपये की राशि साफ कर दी। मामले की भनक लगते ही सीईओ ने तत्काल बैंक अधिकारियों और पुलिस को सूचित करते हुए खाता ब्लॉक कराया तथा लिखित शिकायत दर्ज कराई। एक जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी के साथ हुई इस ठगी की घटना के बाद क्षेत्र और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
ऐसे दिया साइबर ठगी की वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार, जनपद पंचायत सीईओ एल.एन. पिप्पल के मोबाइल पर अचानक संदिग्ध गतिविधि दर्ज की गई, जिसके तुरंत बाद उनका मोबाइल फोन हैक हो गया। फोन हैक होते ही शातिर साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते में सेंध लगा दी और कुछ ही देर में खाते से 98,000 रुपये पार कर दिए। जब तक सीईओ कुछ समझ पाते और त्वरित कदम उठाते, तब तक उनके खाते से पूरी राशि निकाली जा चुकी थी।
तत्काल कराई शिकायत, जांच में जुटी पुलिस
खाते से अचानक बड़ी रकम गायब होने का मैसेज मिलते ही सीईओ एल.एन. पिप्पल ने बिना समय गंवाए संबंधित बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र से संपर्क कर अपने बैंक खाते व डिजिटल बैंकिंग सेवाओं को तुरंत फ्रीज कराया। इसके बाद उन्होंने भितरवार थाना पुलिस और साइबर सेल को घटना की विस्तृत जानकारी देकर लिखित आवेदन सौंपा है।
प्रशासनिक और आम वर्ग में बढ़ी चिंता
भितरवार जनपद पंचायत सीईओ जैसे वरिष्ठ अधिकारी के साइबर फ्रॉड का शिकार बनने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम लोगों के बीच यह विषय चर्चा का केंद्र बना हुआ है। लोगों का कहना है कि जब जिम्मेदार और जागरूक अधिकारी ही साइबर अपराधियों के जाल में फंस रहे हैं, तो आम जनता की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
मामले में पुलिस और साइबर क्राइम सेल की टीम ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा बैंक ट्रांजैक्शन की डिटेल्स, यूपीआई आईडी और संबंधित मोबाइल नंबर्स के आईपी एड्रेस को ट्रेस करने की कार्रवाई की जा रही है, ताकि ठगी करने वाले गिरोह तक पहुंचा जा सके।


