देवास/इंदौर,
देवास(HRIDAY STAMBH);
मध्य प्रदेश में बेखौफ शराब माफिया और अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। देवास जिले के खातेगांव में तैनात थाना प्रभारी (TI) दिलीप पूरी की ड्युटी के दौरान दर्दनाक मौत हो गई। अवैध शराब तस्करी की पुख्ता सूचना पर पूरी टीम के साथ नेमावर रोड हाईवे पर नाकाबंदी करने पहुंचे टीआई पर बेखौफ ट्रक चालक ने सीधे गाड़ी चढ़ा दी। इस भीषण हादसे में थाना प्रभारी दिलीप पूरी की मौके पर ही दुखद मौत हो गई।
नाकाबंदी के दौरान हुआ जानलेवा हमला
सूत्रों के अनुसार, खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पूरी को सूचना मिली थी कि नेमावर रोड हाईवे के रास्ते भारी मात्रा में अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही टीआई दिलीप पूरी बिना कोई वक्त गंवाए अपनी टीम के साथ हाईवे पर पहुंचे और वाहनों की सघन चेकिंग (नाकाबंदी) शुरू कर दी।
चेकिंग के दौरान जब एक संदेहास्पद ट्रक को पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया, तो ट्रक चालक ने गाड़ी धीमी करने के बजाय उसकी रफ्तार और बढ़ा दी। टीआई दिलीप पूरी ने जब उसे रोकने का प्रयास किया, तो बेखौफ चालक ने सीधी गाड़ी उनके ऊपर चढ़ा दी और मौके से फरार होने की कोशिश की। टक्कर इतनी भीषण थी कि टीआई दिलीप पूरी की घटनास्थल पर ही सांसे थम गईं।
इंदौर के कई थानों में दे चुके थे सेवाएं
दिलीप पूरी मध्य प्रदेश पुलिस विभाग के एक जांबाज और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी माने जाते थे। खातेगांव में पोस्टिंग से पहले वे इंदौर के कई प्रमुख थानों में पदस्थ रह चुके थे। इंदौर में अपनी कार्यशैली, सख्त कानून-व्यवस्था और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए उनकी एक अलग पहचान थी। उनके इस तरह अचानक शहीद हो जाने से पुलिस महकमे और उनके परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई है।
महकमे में हड़कंप, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। पूरी इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और फरार ट्रक तथा चालक की तलाश में आसपास की सीमाओं और टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह शराब माफिया की सुनियोजित साजिश है या हड़बड़ी में किया गया हादसा, इसकी हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है। महकमे का स्पष्ट रुख है कि इस दुस्साहस को अंजाम देने वाले दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
