डबरा,
डबरा(HRIDAY STAMBH);
घर से दोस्तों के साथ घूमने निकले थे दोनों युवक, हादसे के बाद परिवारों में मचा कोहराम; घायल को गंभीर हालत में ग्वालियर किया रेफर
डबरा। डबरा बायपास हाईवे पर शनिवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब दोनों युवक बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही हाईवे एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल डबरा सिविल अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार डबरा नगर की बाथम कॉलोनी निवासी दीपक बाथम अपने दोस्त बबलू बाथम के साथ शनिवार शाम बाइक लेकर घर से निकले थे। दोनों ने परिजनों से कहा था कि वे कुछ देर घूमकर वापस लौट आएंगे। परिवार के लोगों को भी इस बात का अंदाजा नहीं था कि घर से सामान्य रूप से निकले दोनों दोस्तों के साथ कुछ ही घंटों में इतना बड़ा हादसा हो जाएगा।
बताया जा रहा है कि देर रात दोनों युवक डबरा बायपास हाईवे पर पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों युवक बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने दोनों को घायल अवस्था में देखा और तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही हाईवे की एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस स्टाफ ने दोनों घायलों को उठाकर तत्काल डबरा सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दीपक बाथम को मृत घोषित कर दिया। वहीं बबलू बाथम की हालत गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार देकर बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया। फिलहाल घायल का ग्वालियर में उपचार जारी है।
अस्पताल पहुंचते ही परिजनों में मचा कोहराम
हादसे की जानकारी मिलते ही सिटी थाना पुलिस अस्पताल पहुंच गई और घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। कुछ देर बाद मृतक और घायल युवक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। दीपक की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
परिजनों ने बताया कि दीपक और बबलू शाम को घर से यह कहकर निकले थे कि वे थोड़ी देर घूमकर वापस आ जाएंगे। परिवार के लोग उनके लौटने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन देर रात सड़क हादसे की सूचना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। परिजनों के मन में यह सवाल भी है कि दोनों युवक घूमने के लिए निकले थे तो डबरा बायपास हाईवे तक कैसे पहुंच गए और आखिर बाइक किस वजह से अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
हादसे के बाद पुलिस ने मृतक दीपक बाथम के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीएम हाउस में रखवा दिया। रविवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर सड़क हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में सिटी थाना प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि डबरा बायपास हाईवे पर बाइक का डिवाइडर से टकराने के कारण सड़क हादसा हुआ है। दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। घायल का ग्वालियर में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और रविवार सुबह मृतक का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
