श्योपुर
नई पीढ़ी से भारत की विश्वसनीयता हुई मजबूत, कूनो में चीता परियोजना के 4 साल पूरे, मनेगा जश्न
भारत में कुल चीतो की संख्या पहंची 52, कूनो में 49 तो गांधीसागर में मौजूद है 3 चीता
श्योपुर। भारत में विलुप्त हो चुकी चीता प्रजाति को पुनःसंरक्षण की दिशा में चार साल पूर्व भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आज ही के दिन 17 सितम्बर 2022 को नामीबिया से 8 चीते लाकर कूनो नेशनल पार्क में छोड़े गये थे, तब से लेकर अब तक चार साल में कूनो में चीता परियोजना के दौरान खट्टे मीठे अनुभव के आधार पर कुनबा बढ़ा तो वहीं कूनो में जन्मी चीतो की नई पीढ़ी से भारत की विश्वसनीयता भी अंतर्राष्ट्रीय मंच पर मजबूत हुई हेै, वर्तमान में भारत में कुल 52 चीते मौजूद है जिनमें से 49 कूनो सेंचुरी में तो वहीं 3 गांधीसागर अभ्यारण्य मे मौजूद है, जिन्हे विशेष कॉलर आईडी से मॉनिटर कर विशेष निगरानी में रखा गया है। कूनो नेशनल पार्क में चीता परियोजना के 4 वर्ष पूर्ण होने पर जश्न भी मनाया जायेगा।
कूनो डीएफओ आर थिरूकुरल ने बताया कि कूनो नेशनल पार्क में चीता परियोजना अपने सफलतम वर्ष के दौर में पहंुच गई है जहां विदेशी चीतो के साथ भारतीय चीतो का आगमन इस प्रोजेक्ट की सफलता की कुंजी है, हमारे यहां 17 सितंबर 2022 को नामीबिया से लाए गए 8 चीतों में से 3 जीवित हैं। इनके भारत में जन्मे 22 शावकों के साथ नामीबियाई मूल के जीवित चीते एवं उनकी संतानों की कुल संख्या 25 है, वहीं 18 फरवरी 2023 को दक्षिण अफ्रीका से लाए गए 12 चीतों में से 8 जीवित हैं। इनके भारत में जन्मे 10 शावकों के साथ दक्षिण अफ्रीकी मूल के जीवित चीतों एवं उनकी संतानों की कुल संख्या 18 है। इनमें से 15 चीते कूनो राष्ट्रीय उद्यान तथा 3 चीते गांधी सागर अभयारण्य में हैं। इसके साथ ही 28 फरवरी 2026 को बोत्सवाना से 9 चीते भारत लाए गए हैं। कूनो में मौजूद कुल 49 चीतों में से 17 चीते (10 नर एवं 7 मादा) खुले वन क्षेत्र में हैं, जबकि 32 चीते (5 नर, 8 मादा तथा एक वर्ष से कम आयु के 19 शावक) सॉफ्ट रिलीज बाड़ों में हैं।
पर्यटको की संख्या में भी हुई बढ़ोत्तरी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कूनो नेशनल पार्क में चीता परियोजना की शुरूआत वर्ष 2022 में की थी, तब से लेकर अब तक यहां पर्यटको की संख्या में भी काफी बढ़ोत्तरी हुई है, जिसमें वर्ष 2023-24 में जहां 3 हजार 251 पर्यटक कूनो आये थे, वही 2024-25 में इनकी संख्या 4007 रही तथा वर्ष 2025-26 में कुल 9 हजार 117 पर्यटको ने कूनो का दीदार किया। जिनमें भारतीय पर्यटक ही नहीं बल्कि विदेशी पर्यटको की संख्या में भी इजाफा हुआ है।
कूनो नेशनल पार्क में चीता प्रोजेक्ट ने अपनी सफलता प्राप्त करते हुए भारतीय चीतो की नई पीढ़ी से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत स्थिति को स्पष्ट किया है, यहां वर्तमान में 49 चीते मौजूद है जो सामान्य रूप से अपना व्यवहार दर्शा रहे हैं। वहीं कूनो में पर्यटको की संख्या में भी इजाफा हुआ है जिससे इस क्षेत्र में विकास ओर रोजगार की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।
आर. थिरूकुराल
डीएफओ, कूनो नेशनल पार्क श्योपुर
