भोपाल/इंदौर
राहुल गांधी छात्रों से करेंगे संवाद, शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर होगी चर्चा
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा कि 19 सितंबर को इंदौर में होने वाला ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम शिक्षा के मुद्दे पर नई बहस की शुरुआत करेगा। कार्यक्रम में राहुल गांधी छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याओं, आकांक्षाओं और भविष्य से जुड़े सवालों को सामने रखेंगे।
मुकेश नायक ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव की जरूरत है। परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, शिक्षा में नवाचार, कैंपस में बेहतर माहौल और शिक्षा को रोजगार से जोड़ना आज की प्रमुख आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि फीस में असमानता, पेपर लीक, नियमित कक्षाओं का संचालन नहीं होना, कैंपस की सुरक्षा और हॉस्टल में बेहतर शैक्षणिक वातावरण का अभाव छात्रों के सामने बड़ी चुनौतियां हैं।
उन्होंने कहा कि देश का युवा अब अपने अधिकारों, शिक्षा और रोजगार को लेकर सवाल उठा रहा है। ऐसे में छात्रों की आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। ‘छात्रों की गूंज’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की समस्याओं और भविष्य से जुड़े मुद्दों को लोकतांत्रिक मंच देने का प्रयास है।
नायक ने कहा कि इंदौर में राहुल गांधी छात्रों से संवाद के दौरान शिक्षा व्यवस्था को विश्वस्तरीय, रोजगारपरक और नवाचार आधारित बनाने पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं की शिक्षा और उन्हें मिलने वाले अवसरों पर निर्भर है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारदर्शी परीक्षाएं, सुरक्षित कैंपस और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर युवाओं को देश की प्रगति का भागीदार बनाया जा सकता है।
उन्होंने प्रदेश के छात्र-छात्राओं और युवाओं से 19 सितंबर को इंदौर पहुंचकर ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
