छिंदवाड़ा
शिकायत के बाद गिरी गाज
छिंदवाड़ा (NEWS UPDATE): जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जुन्नारदेव ब्लॉक के बिचबेहरी गांव स्थित शासकीय माध्यमिक शाला के छात्र-छात्राओं ने स्कूल के टीचर और मैडम पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनकी लव स्टोरी का खुलासा कर दिया।
बच्चों का आरोप है कि शिक्षक और शिक्षिका पढ़ाई कराने के बजाय आपस में बातचीत में व्यस्त रहते हैं और आवाज उठाने पर उन्हें धमकाया जाता है।
सोशल मीडिया पर क्लासरूम का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें स्कूली छात्राएं कैमरे के सामने अपनी आपबीती सुनाती नजर आ रही हैं।
जनसुनवाई में पहुंचे ग्रामीण, BEO ने दिए जांच के आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने जनसुनवाई में पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारियों से लिखित शिकायत की। शिकायत में शाला की बदहाल शिक्षण व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए प्रभारी प्राचार्य और अतिथि शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई थी।
जनसुनवाई में मामला दर्ज होने के बाद जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) जुन्नारदेव को त्वरित जांच के निर्देश दिए।
जांच में सही पाई गई शिकायत, प्रधानपाठक पर बड़ा एक्शन
छात्राओं और ग्रामीणों ने जनसुनवाई में पहुंचकर माध्यमिक शाला की शिक्षण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए प्रभारी प्राचार्य एवं अतिथि शिक्षक के खिलाफ लिखित शिकायत कर जांच और कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद जनजातीय कार्य विभाग ने बड़ा एक्शन लिया है। सहायक आयुक्त ने बताया कि इस संबंध में विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा जांच कराई गई।
जांच में शिकायत सही होना पाया गया। जांच के आधार पर पदस्थ माध्यमिक शिक्षक लोकेन्द्र लोधी को प्रधानपाठक के पद से हटाकर विकासखंड जुन्नारदेव के हाईस्कूल कुकुरपानी में कार्य करने के लिए आदेशित कर दिया गया है। साथ ही कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
इसके अलावा इनके विरुद्ध निलंबन की कार्यवाही हेतु प्रस्ताव संभागीय उपायुक्त, जनजातीय कार्य तथा अनुसूचित जाति विकास जबलपुर संभाग जबलपुर को प्रेषित किया जा रहा है। संस्था में पदस्थ समस्त अतिथि शिक्षकों को विकासखंड शिक्षा अधिकारी जुन्नारदेव द्वारा माध्यमिक शाला बिचबेहरी से तत्काल हटा दिया गया है।
