ग्वालियर
अवैध शराब माफिया पर आबकारी की एक साथ कई स्थानों पर कार्यवाही, 8.20 लाख का गुड़ लहान नष्ट।
ग्वालियर(हृदय स्तंभ/HRIDAY STAMBH)। अभी तक की सबसे बड़ी कार्यवाही की कड़ी में आबकारी विभाग ने एक साथ जिले के कई स्थानों पर कार्यवाही कर माफिया के अंदर भय का माहौल बना दिया है
जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर रुचिका चौहान के सख्त निर्देश पर जिले भर में माफियाओं के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आबकारी उपायुक्त संदीप शर्मा के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त राकेश कुर्मी के मार्गदर्शन में टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर कुल 8.20 लाख रुपये मूल्य की अवैध शराब और कच्ची सामग्री जब्त की है।आबकारी विभाग की टीमों ने भितरवार, मोहना, बहोडापुर और टीपी नगर क्षेत्रों में एक साथ घेराबंदी कर दबिश दी।
भितरवार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले साकनी, गोहिंदा और गोलपुरा गांवों में टीम को भारी सफलता मिली। यहाँ माफियाओं द्वारा छिपाकर रखे गए नीले रंग के प्लास्टिक और लोहे के 18 ड्रमों सहित 3 बड़ी प्लास्टिक टंकियों को ज़ब्त किया गया। इनमें लगभग 5100 किलो अवैध गुड़ लहान भरा हुआ था। इसके साथ ही शराब बनाने के काम आने वाली स्टील और लोहे की धधकती भट्टियां भी मौके से पकड़ी गईं। टीम ने नियमानुसार गुड़ लहान के सैंपल लिए और शेष पूरी सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया।इसी प्रकार की एक अन्य बड़ी कार्रवाई मोहना क्षेत्र में की गई। यहाँ प्लास्टिक टंकियों और ड्रमों में भरकर रखा गया लगभग 3000 किलो गुड़ लहान बरामद किया गया। साथ ही मौके से 10 लीटर हाथ भट्टी से बनी जहरीली अवैध शराब भी जब्त की गई। यहाँ भी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर लहान को नष्ट किया गया।
इसके अलावा बहोडापुर और टीपी नगर क्षेत्र में अवैध रूप से शराब बेचने वालों और खुले में मदिरापान करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।इस बड़ी कार्रवाई के बाद आबकारी विभाग ने पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत 8 अलग-अलग प्रकरण और धारा 36(A) के तहत 1 प्रकरण दर्ज किया है। विभाग ने इस पूरी कार्रवाई के तहत कुल 9 मामले पंजीकृत किए हैं। जब्त और नष्ट की गई इस सामग्री, अवैध शराब और भट्टियों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 8 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने में ग्वालियर कंट्रोल रूम प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजेश तिवारी, सहायक जिला आबकारी अधिकारी संतोष यादव, आबकारी उप निरीक्षक सतेंद्र सिंह मीणा तथा शिवा रघुवंशी सहित पूरे आबकारी अमले की मुख्य भूमिका रही। आबकारी विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि जिले में अवैध शराब का कारोबार पूरी तरह बंद होने तक यह अभियान आगे भी इसी तरह आक्रामक रूप से जारी रहेगा।
