इंदौर
4 बस जलकर पूरी तरह खाक
इंदौर (हृदय स्तंभ/HRIDAY STAMBH): इंदौर में तीन इमली बस डिपो (bus depo) धुंए के गुबार में डूब गया। ये गुबार कई किलोमीटर दूर तक से दिखाई दिया गया। सूचना मिलने तक 3 से 4 बसें डिपो पर पूरी तरह से जलकर खाक हो चुकी थी।आग की भयावहता का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि इसका धुंआ किलोमीटर दूर से देखा जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है, हालांकि प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
आगजनी की घटना के बाद क्षेत्रीय पार्षद एवं एमआईसी सदस्य मनीष शर्मा “मामा” मौके पर पहुंचे और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए वहीं धरने पर बैठ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन संसाधनों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिसके चलते इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।
घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस बल को स्थिति संभालने के लिए तैनात करना पड़ा। प्रशासन द्वारा आग से हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
