स्वच्छता अभियान में बुजुर्गों की भागीदारी, 25 हजार वरिष्ठ नागरिक बनेंगे वालेंटियर

ग्वालियर

ग्वालियर

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ने दिलाई स्वच्छता की शपथ, नगर निगम ने जागरूकता पर दिया जोर
शहर को स्वच्छ बनाने के अभियान में अब बुजुर्ग भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। बालभवन में आयोजित स्वच्छता संवाद कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों ने स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गणपत राम नीखरा ने सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने कहा कि शहर में कई लोग कचरा गाड़ी निकलने के बाद कचरा डालते हैं, जिससे साफ की गई जगह दोबारा गंदी हो जाती है। उन्होंने बताया कि गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग देना जरूरी है, तभी उसका सही तरीके से निस्तारण संभव है।
उन्होंने जानकारी दी कि नगर निगम में लगभग 3000 सफाई मित्र कार्यरत हैं, जो औसतन 1000 लोगों पर एक सफाई मित्र के अनुपात से कार्य करते हैं। ऐसे में नागरिकों की जागरूकता बेहद जरूरी है, तभी शहर स्वच्छ रह सकता है।

वरिष्ठ नागरिक सेवा संस्थान के अध्यक्ष एस.के. गुप्ता ने बताया कि उनके संगठन के 25 हजार सदस्य हैं, जिनमें से 2 हजार सक्रिय सदस्य नगर निगम के साथ मिलकर स्वच्छता अभियान में योगदान देंगे।

डॉ. पुरंदर भसीन ने कहा कि स्वच्छता से शरीर स्वस्थ रहता है और गंदगी के कारण दमा, अस्थमा जैसी बीमारियां बढ़ रही हैं। वहीं स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर डॉ. प्रियंवदा भसीन ने कहा कि स्वच्छता रखना हम सभी की जिम्मेदारी है और छोटे-छोटे प्रयासों से शहर को साफ रखा जा सकता है।
कार्यक्रम में नगर निगम के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *