ग्वालियर
पहली बार अंचल दौरे पर पहुंचे नवनियुक्त अध्यक्ष, कार्यकर्ताओं ने दिखाया उत्साह
स्वागत में उमड़ी भीड़, जगह-जगह फूलमालाओं और आतिशबाजी से हुआ अभिनंदन
ग्वालियर। मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक (अपैक्स बैंक) के नवनियुक्त अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव का ग्वालियर आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। नियुक्ति के बाद पहली बार अंचल के दौरे पर पहुंचे यादव के स्वागत में कार्यकर्ताओं और समर्थकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। शहर में उनका स्वागत किसी बड़े शक्ति प्रदर्शन से कम नजर नहीं आया।
यादव के ग्वालियर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं से लादकर उनका अभिनंदन किया। कई स्थानों पर स्वागत मंच बनाए गए थे, जहां ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और नारों के बीच स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में सहकारिता क्षेत्र से जुड़े पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और समर्थक मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि महेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में अपैक्स बैंक नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा और सहकारिता क्षेत्र को मजबूती मिलेगी। उनके अध्यक्ष बनने से प्रदेश के किसानों, सहकारी समितियों और बैंकिंग व्यवस्था को लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर यादव ने सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि सहकारिता आंदोलन को मजबूत करना और किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
ग्वालियर दौरे के दौरान उन्होंने स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की तथा संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की। उनके स्वागत कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ ने यह संकेत दिया कि अंचल में उनका मजबूत जनाधार और प्रभाव बना हुआ है।
स्वागत के दौरान ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर, पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजोरिया, जीडीए अध्यक्ष मधुसूदन भदौरिया सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
