हैदराबाद
243 रन के विशाल लक्ष्य के सामने दिल्ली कैपिटल्स लड़खड़ा गई, मलिंगा के 4 विकेट और अभिषेक के 135 रन बने जीत के हीरो
हैदराबाद: आईपीएल 2026 के 31वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 47 रन से हरा दिया। राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 242 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में दिल्ली की टीम 20 ओवर में 195/9 रन ही बना सकी।
अभिषेक शर्मा का विस्फोटक शतक
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद को अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 8.5 ओवर में 97 रन जोड़े। हेड ने 26 गेंदों में 37 रन बनाए। इसके बाद अभिषेक शर्मा ने पारी को संभालते हुए तूफानी बल्लेबाजी की और 68 गेंदों में नाबाद 135 रन ठोक दिए। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और 10 छक्के लगाए। अंत में हेनरिक क्लासेन ने 13 गेंदों में नाबाद 37 रन बनाकर टीम को 242 तक पहुंचाया।
दिल्ली की शुरुआत कमजोर, लक्ष्य से दूर रह गई टीम
243 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही।
नीतीश राणा ने 57 रन बनाकर संघर्ष किया, जबकि समीर रिजवी ने 41 और केएल राहुल ने 37 रन बनाए। लेकिन बाकी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके। डेविड मिलर बिना खाता खोले आउट हुए, वहीं कप्तान अक्षर पटेल भी सिर्फ 2 रन ही बना सके।
ईशान मलिंगा की घातक गेंदबाजी
हैदराबाद की जीत में श्रीलंकाई तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा का बड़ा योगदान रहा। उन्होंने 4 ओवर में 32 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके।
मलिंगा ने नीतीश राणा, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स और आशुतोष शर्मा को आउट किया।
उनके अलावा हर्ष दुबे ने 3 विकेट लिए, जबकि दिलशान मदुशंका और साकिब हुसैन को 1-1 सफलता मिली। अभिषेक शर्मा की शतकीय पारी और अंतिम ओवरों में क्लासेन की तेज बल्लेबाजी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। इसके बाद मलिंगा की शुरुआती झटकों ने दिल्ली को मैच से बाहर कर दिया।
सनराइजर्स हैदराबाद: 242/2 (20 ओवर)
दिल्ली कैपिटल्स: 195/9 (20 ओवर)
परिणाम: सनराइजर्स हैदराबाद 47 रन से विजयी
