ग्वालियर।
गौ-मांस से जुड़े ताजा मामले के बाद शहर का माहौल गरमा गया है। अवैध बूचड़खानों पर कार्रवाई की मांग को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को नगर निगम ग्वालियर मुख्यालय पर लगभग दो घंटे तक जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अपर आयुक्त मुनिष सिंह सिकरवार को ज्ञापन सौंपते हुए सात दिन में ठोस कार्रवाई की चेतावनी दी।
प्रांत साप्ताहिक मिलन प्रमुख मनोज रजक ने बताया कि 9 फरवरी 2026 की रात झांसी रोड थाना क्षेत्र के चेतकपुरी चौराहे पर यूपी 93 बी 77939 नंबर का एक ट्रक पकड़ा गया था, जिसमें कई टन मांस भरा हुआ था। प्रारंभ में चालक ने इसे भैंस का मांस बताकर गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन जांच में गौ-मांस के अवशेष मिलने की पुष्टि होने का दावा किया गया। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने झांसी रोड थाने पहुंचकर वाहन जब्त कराते हुए प्रकरण दर्ज कराया।
इसी घटना के विरोध में कार्यकर्ताओं ने नगर निगम पहुंचकर प्रदर्शन किया और निगम कमिश्नर के खिलाफ नारेबाजी की। संगठन की ओर से मांग रखी गई कि शहर में संचालित सभी अवैध बूचड़खानों को तत्काल प्रभाव से बंद कराया जाए तथा इनके संचालन में लिप्त व्यक्तियों पर एफआईआर दर्ज की जाए। आरोपी वसीम खान, भूरा खान सहित अन्य संबंधित लोगों के लाइसेंस निरस्त कर दंडात्मक कार्रवाई की मांग भी की गई।
ज्ञापन में सेवा नगर क्षेत्र में संचालित अवैध बूचड़खानों को ध्वस्त करने, सरकारी जमीन पर बने अवैध निर्माण हटाने और अधिकृत स्लॉटर हाउस में गौवंश के मृत शरीरों की कथित दुर्दशा रोकने की मांग शामिल है। साथ ही मध्यप्रदेश अधिनियम के तहत विद्युत शवदाह केंद्र स्थापित कर गौवंश के अंतिम संस्कार की समुचित व्यवस्था करने की बात कही गई।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिवस के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में पप्पू राठौर, हरि सेंगर, भारत पाठक, संजू राठौर, दीपक माझी, नीरज उचिया, मुकेश अग्रवाल, भरत राजपूत सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
