मां के जन्मदिन पर भस्म आरती में हुईं शामिल
उज्जैन | बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर रही फिल्म ‘धुरंधर 2′ की सफलता के बीच, युवा अभिनेत्री सारा अर्जुन शनिवार को बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेने उज्जैन पहुंचीं। अपनी मां के जन्मदिन के खास अवसर पर सारा ने विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर में माथा टेका और भस्म आरती में सम्मिलित होकर दर्शन-पूजन किया। मंदिर परिसर में सारा अर्जुन पारंपरिक गुलाबी साड़ी में बेहद शालीन और खूबसूरत नजर आईं। भस्म आरती के दौरान वह पूरी तरह भक्ति में लीन दिखीं। मंदिर के दिव्य अनुभव को साझा करते हुए सारा ने कहा:
“महाकाल मंदिर का वातावरण इतना शांत और अलौकिक है कि यहाँ कदम रखते ही आप दुनिया की बाकी तमाम बातें भूल जाते हैं। मैंने भगवान से कुछ विशेष नहीं मांगा, बस अपने परिवार की अच्छी सेहत और जीवन में निरंतर सफलता की प्रार्थना की है।”
धुरंधर’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म के बाद इंडस्ट्री की नजरें सारा के अगले कदम पर टिकी हैं। जब मीडिया ने उनसे भविष्य के प्रोजेक्ट्स के बारे में पूछा, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए आसमान की तरफ इशारा किया। यह पूछे जाने पर कि क्या उन्होंने सब कुछ ईश्वर के भरोसे छोड़ दिया है, सारा ने सादगी से सिर हिलाते हुए ‘जी’ में जवाब दिया।
बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर 2’ का तांडव: रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर: द रिवेंज’ अपनी रिलीज के चौथे हफ्ते में भी सिनेमाघरों में मजबूती से टिकी हुई है। फिल्म की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि:
1,700 करोड़: यह फिल्म इस वीकेंड तक दुनिया भर में ₹1,700 करोड़ का आंकड़ा पार कर सकती है। यह फिल्म जल्द ही ‘पुष्पा 2’ को पीछे छोड़कर दुनिया भर में तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बनने की कगार पर है।
बाल कलाकार से सुपरस्टार तक का सफर
साउथ के मशहूर अभिनेता राज अर्जुन की बेटी सारा ने महज 6 साल की उम्र से पहले 100 से अधिक विज्ञापनों में काम किया था। ‘क्लिनिक प्लस’ के विज्ञापन से घर-घर में पहचान बनाने वाली सारा ने मणिरत्नम की ‘पोन्नियिन सेलवन’ में ऐश्वर्या राय के बचपन का किरदार निभाकर अपनी प्रतिभा साबित की थी। अब 20 साल की उम्र में ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी के जरिए उन्होंने बॉलीवुड के शीर्ष पायदान पर अपनी जगह पक्की कर ली है।
