गैस पाइपलाइन में रिसाव से भड़की आग; फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
इन्दौर:
शहर के लसूडिया थाना क्षेत्र में उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक चलते भोजनालय में अचानक भीषण आग लग गई। घटना देवास नाका स्थित महिंद्रा शोरूम के सामने की है, जहाँ आरती भोजनालय में खाना बनाने के दौरान गैस की नली (पाइप) ने आग पकड़ ली।
तेजी से फैली आग, सामान जलकर खाक।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को कुछ समझने का मौका नहीं मिला। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और भोजनालय के बाहर रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। आग की लपटें दूर से ही देखी जा सकती थीं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि जैसे ही आग भड़की, भोजनालय में मौजूद सभी कर्मचारी समय रहते बाहर निकल आए। इस हादसे में किसी के भी हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है।
पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई ,लसूडिया थाना प्रभारी तारेश सोनी ने बताया कि:
आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुँची।दमकल विभाग (फायर ब्रिगेड) की गाड़ियों को तत्काल रवाना किया गया।
पुलिस और दमकल कर्मियों ने संयुक्त प्रयास से स्थिति को नियंत्रित किया और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
वर्तमान में स्थिति सामान्य है, लेकिन आगजनी के कारण भोजनालय संचालक को भारी आर्थिक नुकसान पहुँचा है

