ग्वालियर
यातायात सुधारने निगम का अभियान तेज, ठेले जप्त व निर्माण कार्य रुकवाया
शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत शुक्रवार को विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई नोडल अधिकारी (मदाखलत) केशव सिंह चौहान के निर्देश पर मदाखलत दल द्वारा की गई।
कार्रवाई के दौरान इंटक मैदान क्षेत्र में यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहे एक हाथ ठेले को जप्त किया गया। वहीं हजीरा चौराहा से चार शहर का नाका, सिविल अस्पताल, इंटक मैदान एवं किला गेट रोड तक अस्थायी अतिक्रमण हटाकर मार्ग को पूरी तरह साफ कराया गया।
मांडरे की माता मुख्य मार्ग, मुरार बारादरी चौराहा से सदर बाजार अग्रसेन चौराहा तथा दीनदयाल नगर सिंधिया स्टैचू रोड पर भी ठेले, फुटपाथी दुकानदारों एवं सड़क पर रखे सामान को हटवाकर यातायात को व्यवस्थित किया गया।
इसी क्रम में होटल क्लार्क-इन के पीछे नौगजा रोड (वार्ड क्रमांक 33) क्षेत्र में अवैध छप्पर, हरी मैटिंग एवं अन्य बाधक सामग्री हटाई गई। वहीं विनय नगर सेक्टर-04 (24 बीघा क्षेत्र) में चल रहे अवैध निर्माण कार्य को बंद करवाते हुए चार बंडल सरिया जप्त कर कार्यालय में सुरक्षित रखवाया गया।
ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के पुरानी छावनी चौराहा एवं अटल गेट पर भी ठेले हटाकर सामग्री जप्त की गई।
कार्रवाई में मदाखलत निरीक्षक राकेश सिंह चौहान, सुघर सिंह सिसौदिया, आजाद खान, श्रीकांत सेन, शैलेन्द्र सिंह, राघवेंद्र सिंह सहित अन्य दल एवं क्षेत्रीय कार्यालय का अमला मौजूद रहा।

