शिवपुरी-: जिले के दिनारा थाना क्षेत्र में दर्ज एक प्रकरण को लेकर एक महिला ने अपने पति को निर्दोष बताते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
ग्राम आवास, तहसील करैरा निवासी श्रीमती पिंकी केवट ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उनके पति विक्की केवट का नाम गलतफहमी या द्वेष भावना के चलते एफआईआर दिनांक 09 अप्रैल 2026 में दर्ज कर दिया गया है।
प्रार्थिया के अनुसार, घटना 8 अप्रैल 2026 की रात लगभग 11 बजे से 1 बजे के बीच की है, उस समय उनके पति घटनास्थल पर मौजूद नहीं थे, बल्कि घर पर सो रहे थे। उन्होंने बताया कि उनका घर घटनास्थल से करीब ढाई से तीन किलोमीटर दूर स्थित है।
महिला ने यह भी कहा कि इस तथ्य की पुष्टि शपथ पत्र, पंचनामा और मोबाइल लोकेशन जांच के माध्यम से की जा सकती है, जिससे स्पष्ट हो जाएगा कि उनके पति घटना के समय मौके पर मौजूद नहीं थे।
प्रार्थिया ने प्रशासन से अपील करते हुए कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि उनके निर्दोष पति को किसी भी प्रकार की अन्यायपूर्ण कार्रवाई और प्रताड़ना से बचाया जा सके।

