निर्माण कार्यों में देरी पर निगमायुक्त सख्त, ठेकेदारों को दी चेतावनी

ग्वालियर

ग्वालियर

फूलबाग चौपाटी, संग्रहालय व जोन-13 का निरीक्षण, समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश

शहर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति को लेकर नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने मंगलवार को सख्त रुख अपनाया। उन्होंने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया और देरी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदारों को कड़ी चेतावनी दी।
निरीक्षण की शुरुआत नगर निगम संग्रहालय से की गई, जहां चल रहे इंटीरियर कार्य की धीमी प्रगति पर आयुक्त ने असंतोष जताया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि संग्रहालय को निर्धारित समय-सीमा में आमजन के लिए शुरू किया जा सके।
इसके बाद निगमायुक्त फूलबाग चौपाटी पहुंचे, जहां निर्माणाधीन शौचालय, फर्श और गेट सहित अन्य कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य की गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा और सभी कार्य जल्द से जल्द पूर्ण किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक-13 में चल रहे निर्माण कार्यों की धीमी गति पर निगमायुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री पवन सिंघल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। निगमायुक्त के सख्त निर्देशों के बाद निर्माण कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *