धुरंधर-2 ने घरेलू स्तर पर किया 899.92 करोड़ का नेट कलेक्शन

मनोरंजन

मुंबई

बॉलीवुड फिल्म धुरंधर 2 लगातार नए रिकॉर्ड अपने नाम कर रही है। रणवीर सिंह की इस फिल्म की कमाई में जहां सोमवार को हल्की गिरावट देखने को मिली थी, वहीं मंगलवार को एक बार फिर उछाल दर्ज किया गया है। अब तक फिल्म ने घरेलू स्तर पर 899.92 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है, जबकि भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन 1,077.41 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। वहीं वैश्विक स्तर पर फिल्म ने 1,435.41 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है और अब इसकी नजर 1500 करोड़ क्लब में शामिल होने पर टिकी है। रिलीज के 13वें दिन, जो कि फिल्म का दूसरा मंगलवार भी था, धुरंधर 2 ने 33.22 करोड़ रुपये का कारोबार किया। यह आंकड़ा सोमवार की 30.28 करोड़ रुपये की कमाई के मुकाबले बेहतर रहा, जिससे साफ है कि फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। दिन की शुरुआत धीमी रही थी, सुबह 8 बजे तक फिल्म ने 0.56 करोड़, 9 बजे तक 0.82 करोड़, 11 बजे तक 1.23 करोड़ और दोपहर 12 बजे तक करीब 3.30 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की थी, जिसके बाद शाम और रात के शो में तेजी आई।
फिल्म को सिर्फ दर्शकों का ही नहीं, बल्कि विशेषज्ञों का भी समर्थन मिल रहा है। पूर्व डिप्टी नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर पंकज सरन ने फिल्म की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें यह फिल्म पहले भाग से भी बेहतर लगी। उन्होंने फिल्म के प्रोडक्शन और सिनेमाई प्रस्तुति को शानदार बताया और माना कि इसने भारतीय सिनेमा में एक नया बेंचमार्क स्थापित किया है। वहीं फिल्म निर्माता इम्तियाज अली ने भी फिल्म की सफलता पर खुशी जताते हुए टीम को बधाई दी और दर्शकों को सिनेमाघरों तक लाने के लिए सराहा। रिकॉर्ड्स की बात करें तो धुरंधर 2 ने 13 दिनों के कलेक्शन के आधार पर अपने पहले भाग धुरंधर को पीछे छोड़ते हुए सबसे बड़ी हिंदी नेट ग्रॉसर फिल्म बनने का रिकॉर्ड बना लिया है। इसने पुष्पा 2, स्त्री 2 और छावा जैसी फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है।
वहीं वर्ल्डवाइड कमाई के मामले में इसने जवान, केजीएफ 2 और आरआरआर को भी पछाड़ दिया है। अब फिल्म की नजर पुष्पा 2 (1742.10 करोड़), बाहुबली 2 (1810.60 करोड़) और दंगल (2070.3 करोड़) जैसे बड़े रिकॉर्ड्स पर है। अगर फिल्म इसी रफ्तार से आगे बढ़ती रही तो यह भारतीय सिनेमा के इतिहास में नया कीर्तिमान स्थापित कर सकती है। धुरंधर 2 का निर्देशन आदित्य धर ने किया है। फिल्म में रणवीर सिंह के साथ आर माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म 19 मार्च को रिलीज हुई थी, जबकि पेड प्रीव्यू के जरिए इसने एक दिन पहले ही कमाई शुरू कर दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *