भितरवार
फूड प्वाइजनिंग की आशंका पर प्राथमिक उपचार के बाद सभी को ग्वालियर किया रेफर
दिन प्रतिदिन मौसम में आ रहे बदलाव के बीच लोगों के द्वारा अपने स्वच्छ खान-पीन पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है इसी के चलते दूषित पानी पीने या दूषित भोज्य पदार्थ खा लेने से फूड प्वाइजन जैसी समस्याएं सामने आ रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को भितरवार अनुविभाग के ग्राम चिटोली में एक ही परिवार के छह लोग चने की भाजी खाने से फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गए। इनमें चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भितरवार लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया है।
यह घटना चिटोली निवासी धन सिंह राजपूत (50 वर्ष) के घर हुई। शुक्रवार में दोपहर के भोजन में उनके यहां चने की भाजी बनी थी। परिवार के कुछ सदस्यों ने घर पर खाना खाया, जबकि गीता (40) ,पल्लवी (11 वर्ष), राजकुमारी (21 वर्ष), प्रियंका (18 वर्ष) और कपिल राजपूत (10 वर्ष) ने खेत पर भोजन किया। खाना खाने के कुछ ही देर बाद सभी की तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें उल्टी और चक्कर आने की शिकायत हुई। जिस पर परिवार के अन्य सदस्य और ग्रामीण तुरंत उन्हें भितरवार के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए और अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने सभी मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया और बोतलें चढ़ाईं। वहीं उपरोक्त लोगों में फूड प्वाइजनिंग की आशंका को देखते हुए उन्हें तुरंत ग्वालियर रेफर कर दिया गया। हालांकि, भाजी खाने से वे कैसे बीमार हुए, यह अभी स्पष्ट नहीं है। चिकित्सकों का कहना है कि खाने में कोई ऐसी चीज आ गई होगी, जिससे सभी की तबीयत अचानक से एक साथ बिगड़ गई है। दोपहर के खाने में उनके द्वारा क्या-क्या खाया गया था इसकी जानकारी ली जा रही है साथ ही खाए गए खाने के कुछ हिस्से को जांच के लिए भी रखा जा रहा है।

