‘राम’ के किरदार की अगली झलक जारी होगी 2 अप्रैल को

मनोरंजन

मुंबई

बहुप्रतीक्षित फिल्म रामायण में रणबीर कपूर को भगवान राम के रूप में देखने का इंतजार कर रहे फैंस के लिए अब एक बड़ी खबर सामने आई है। इस फिल्म को लेकर दर्शकों में लंबे समय से जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने इस बहुप्रतीक्षित फर्स्ट लुक की तारीख का खुलासा कर दिया है।
नमित मल्होत्रा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि फिल्म से ‘राम’ के किरदार की अगली झलक 2 अप्रैल को हनुमान जयंती के शुभ अवसर पर जारी की जाएगी। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि ‘रामायण’ सिर्फ एक कहानी नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की भावनाओं से जुड़ी हुई है। इसी वजह से पूरी टीम ने इस प्रोजेक्ट पर बेहद जिम्मेदारी और समर्पण के साथ काम किया है, ताकि इसे भव्यता और वास्तविकता के साथ दर्शकों के सामने पेश किया जा सके। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि यह झलक किसी साधारण रिलीज की तरह नहीं होगी, बल्कि इसे एक बड़े स्तर पर दुनिया भर के दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने फैंस के धैर्य और विश्वास के लिए उनका धन्यवाद भी किया और कहा कि कई वर्षों की मेहनत को अब एक भव्य लॉन्च के जरिए साझा किया जाएगा।
इस फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं और इसमें कई बड़े सितारे अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। साई पल्लवी सीता के किरदार में दिखाई देंगी, जबकि यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा सनी देओल हनुमान, रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में अमिताभ बच्चन और लारा दत्ता भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। मालूम हो कि फिल्म ‘रामायण’ को बड़े बजट और भव्य स्तर पर तैयार किया जा रहा है, जिससे यह भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक बन सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *