भोपाल
मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश के नगरीय निकायों में एल्डरमैन (मनोनित पार्षद) की नियुक्ति करने जा रही है। पहले चरण में 16 नगर निगम और 99 नगर पालिकाओं में करीब 700 एल्डरमैन नियुक्त किए जाएंगे। नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा इसके आदेश एक-दो दिन में जारी होने की संभावना है।
सूत्रों के मुताबिक, इन नियुक्तियों को लेकर लंबे समय से तैयारी चल रही थी। बताया जा रहा है कि 16 नगर निगमों में लगभग 144 एल्डरमैन नियुक्त किए जाएंगे। जिन चार बड़े नगर निगमों—इंदौर, भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर—की आबादी 10 लाख से अधिक है, वहां 12-12 एल्डरमैन बनाए जाएंगे। वहीं 10 लाख से कम आबादी वाले नगर निगमों जैसे उज्जैन, देवास, सागर, कटनी, रीवा, सतना, सिंगरौली, खंडवा, बुरहानपुर और मुरैना में 8-8 एल्डरमैन नियुक्त किए जाने का प्रावधान है।
सरकार का कहना है कि इन नियुक्तियों से नगरीय निकायों के कामकाज में अनुभव और बेहतर समन्वय मिलेगा, जिससे विकास कार्यों को गति मिल सकेगी।
