ग्वालियर में दर्दनाक सड़क हादसा: स्कॉर्पियो-ऑटो की टक्कर में 5 की मौत

ग्वालियर

ग्वालियर

रात 2 बजे हुआ हादसा, शीतला माता मंदिर से लौट रहा था परिवार; 4 घायल अस्पताल में भर्ती

मध्यप्रदेश के ग्वालियर में देर रात करीब 2 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। हादसा थाटीपुर थाना क्षेत्र के परशुराम चौराहे के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, ऑटो में चालक सहित कुल 9 लोग सवार थे, जो शीतला माता मंदिर से दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो ने ऑटो को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में एक महिला, एक पुरुष और दो बच्चे शामिल हैं, जिनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
हादसे के बाद ग्वालियर के पुलिस अधीक्षक धर्मवीर यादव अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों का हालचाल जाना। इसके साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है, वहीं स्थानीय लोग सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *