नई दिल्ली
एक ओवर ने बदली करीम जनत की किस्मत
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी 27 मार्च को 15 साल के हो गए हैं और इसके साथ ही उनके लिए सीनियर क्रिकेट में आगे बढ़ने का रास्ता और साफ हो गया है। बिहार के समस्तीपुर जिले से ताल्लुक रखने वाले वैभव ने बेहद कम उम्र में ही अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा लिया था। उन्होंने महज 12 साल की उम्र में रणजी ट्रॉफी में डेब्यू कर सबको चौंका दिया था और घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के दम पर तेजी से पहचान बनाई। उनकी काबिलियत को देखते हुए आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया। अपने पहले ही आईपीएल सीजन में वैभव ने धमाकेदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। खास तौर पर गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए मैच में उन्होंने सिर्फ 35 गेंदों में शतक जड़कर क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया और ‘वंडर बॉय’ के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर ली।
हालांकि इसी सीजन का एक और पहलू भी काफी चर्चा में रहा, जिसमें उनके प्रदर्शन ने एक अन्य खिलाड़ी के करियर पर गहरा असर डाला। गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2025 में अफगानिस्तान के ऑलराउंडर करीम जनत को 75 लाख रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा था। राजस्थान के खिलाफ मैच में उन्हें डेब्यू का मौका मिला, लेकिन यह मैच उनके लिए बेहद मुश्किल साबित हुआ। उस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी के सामने गेंदबाजी करते हुए करीम जनत पूरी तरह दबाव में नजर आए। वैभव ने उनके एक ही ओवर में 3 छक्के और 3 चौके लगाते हुए कुल 30 रन बटोर लिए। इस ओवर के बाद टीम के कप्तान शुभमन गिल ने करीम को फिर गेंदबाजी का मौका नहीं दिया। इतना ही नहीं, पूरे सीजन में वह प्लेइंग इलेवन से बाहर ही रहे और बाद में आईपीएल 2026 के लिए उन्हें टीम से रिलीज भी कर दिया गया।
हालांकि आईपीएल में यह अनुभव उनके लिए निराशाजनक रहा, लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करीम जनत अफगानिस्तान टीम के लिए अहम खिलाड़ी बने हुए हैं। उन्होंने अब तक 2 टेस्ट, 3 वनडे और 75 टी20 मुकाबले खेले हैं। टेस्ट और वनडे में भले ही उन्हें सफलता नहीं मिली हो, लेकिन टी20 फॉर्मेट में उनके नाम 42 विकेट दर्ज हैं, जो उनकी उपयोगिता को साबित करता है।

