शहर की समस्याओं पर मंथन: मेयर इन काउंसिल बैठक में विकास योजनाओं को मंजूरी

ग्वालियर

ग्वालियर

रोशनी, सड़क, बजट व जनसुविधाओं पर फैसले, कई प्रस्ताव परिषद को भेजे गए
ग्वालियर शहर की मूलभूत समस्याओं—अंधेरे क्षेत्र, सड़कों की स्थिति और जनसुविधाओं की कमी—को लेकर मेयर इन काउंसिल की बैठक में विस्तृत चर्चा की गई। महापौर डॉ. शोभा सतीश सिंह सिकरवार की अध्यक्षता में बाल भवन स्थित टीएलसी में आयोजित बैठक में शहर विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में शहर की प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया। मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना निर्माण योजना के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर हाईमास्ट एवं पोल स्थापित करने हेतु लगभग 27.58 लाख रुपए तथा स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए 37.11 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई। इससे अंधेरे क्षेत्रों में रोशनी बढ़ने के साथ सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ होने की उम्मीद है।
बैठक में बजट वर्ष 2025-26 के अंतर्गत विभिन्न मदों में राशि पुनर्विनियोजन के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई, जिससे लंबित विकास कार्यों को गति मिल सकेगी।
धार्मिक व्यवस्थाओं के तहत श्री गोपाल मंदिर एवं राजमाता विजयाराजे सिंधिया स्टेडियम परिसर स्थित मंदिरों के पुजारियों की सेवा अवधि तीन वर्ष तक बढ़ाने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई।
इसके अतिरिक्त वार्ड-41 अंतर्गत चावड़ी बाजार से जनकगंज होते हुए स्टेडियम एवं नाग देवता मंदिर तक की सड़क का नाम स्वर्गीय विजयाराजे सिंधिया के नाम पर रखने तथा बताशे वाली गली का नाम स्वर्गीय अरविंद केंगे के नाम पर करने के प्रस्ताव परिषद को अग्रेषित किए गए।
बैठक में स्वच्छता प्रबंधन, जनकार्य, विद्युत एवं पार्क विभाग से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। अपील समिति में अभिभाषकों की प्रति बैठक फीस से संबंधित प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई। साथ ही विभिन्न विभागों एवं अधिकारियों हेतु वाहन किराये पर लेने के प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय के लिए महापौर को अधिकृत किया गया।
बैठक में मेयर इन काउंसिल सदस्य अवधेश कौरव, नाथूराम ठेकेदार, शकील मंसूरी, विनोद यादव माठू, गायत्री सुधीर मंडेलिया, प्रेमलता धर्मेन्द्र जैन, संध्या सोनू कुशवाह, उपासना यादव सहित नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव, प्रदीप तोमर, मुनीष सिंह सिकरवार एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में लिए गए निर्णयों को शहर की समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *