आरजीपीवी की कैंटीन में स्टूडेंट को परोस दी छिपकली

राज्य

भोपाल 

कर्मचारी ने बताया शिमला मिर्च का टुकड़ा; छात्रों ने वीडियो बनाया, प्रबंधन से जांच की मांग
भोपाल  भोपाल के राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की कैंटीन के भोजन में छिपकली मिलने का दावा किया गया है। छात्रों का आरोप है कि डिनर के दौरान परोसी गई सब्जी में छिपकली मिली, जिसे लेकर जब उन्होंने शिकायत की तो कैंटीन कर्मचारी ने उसे शिमला मिर्च का टुकड़ा बताया। छात्रों ने इस घटना का वीडियो भी बना लिया, जो सोशल मीडिया पर सामने आया है।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम छात्र डिनर के लिए कैंटीन पहुंचे थे, जहां उन्हें दाल, शिमला मिर्च की सब्जी, रोटी और चावल परोसा गया। खाना शुरू करते ही एक छात्र को सब्जी का स्वाद अजीब लगा। संदेह होने पर जब उसने सब्जी को ध्यान से देखा तो उसमें एक मरी हुई छिपकली दिखाई दी, जो पूरी तरह से सब्जी के साथ तली हुई थी। यह देखते ही वहां मौजूद अन्य छात्र भी चौंक गए और कैंटीन में हडक़ंप मच गया। छात्रों ने तुरंत कैंटीन कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी, लेकिन आरोप है कि कर्मचारी ने इसे छिपकली मानने से इनकार कर दिया। उसने दावा किया कि वह केवल शिमला मिर्च का टुकड़ा है। घटना के दौरान मौजूद छात्रों ने घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। बाद में इसे सोशल मीडिया पर शेयर किया गया। वीडियो सामने आने के बाद अन्य छात्रों और लोगों ने भी कैंटीन व्यवस्था पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।
पहले भी उठते रहे हैं सवाल
छात्रों का कहना है कि कैंटीन के खाने की गुणवत्ता को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता में लगातार लापरवाही बरती जा रही है, लेकिन प्रबंधन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती। घटना के बाद छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की लापरवाही से छात्रों के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ हो रहा है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।
वाइस चांसलर कार्यालय जाकर दर्ज कराया विरोध
आरजीपीवी के ऑटोमोबाइल डिपार्टमेंट के स्टूडेंट अर्पित चौहान ने बताया कि सोमवार को इस मामले को लेकर वाइस चांसलर कार्यालय में विरोध दर्ज किया गया। यह मामला आरजीपीवी की मुख्य कैंटीन का है। शनिवार रात 10:00 बजे के करीब स्टूडेंट की थाली में मरी हुई छिपकली मिली थी। रविवार को छुट्टी होने के कारण यह मामला उठ नहीं सका। सोमवार को इसके विरोध में आपत्ति जताई गई है। साथ ही ज्ञापन भी सौंपा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *